नए माता-पिता बने आलिया भट्ट और रणबीर कपूर अपनी बेटी को लेकर जल्द ही नए बंगले में शिफ्ट होने वाले हैं। दरअसल दिवंगत एक्टर ऋषि कपूर और नीतू सिंह का पाली हिल्स स्थित ‘कृष्णा राज’ बंगले को तीन साल से रेनोवेट किया जा रहा था। जो अब बनकर तैयार है। खबर है कि आलिया-रणबीर अपनी नन्ही जान को लेकर माता-पिता के इस बंगले में रहने वाले हैं।

बता दें कि ये बंगला 8 मंजिला है। इसके पहले फ्लोर पर नीतू कपूर रहेंगी और दूसरे फ्लोर पर रणबीर-आलिया रहने वाले हैं। चौथा फ्लोर नीतू की बेटी रिद्धिमा और उनकी बेटी के लिए रखा गया है। मुंबई आने पर वो इसी फ्लोर पर रहेंगी। एक मंजिल रणबीर-आलिया की बेटी के नाम होगी। जब वो बड़ी होंगी वहां रहेंगी। बता दें कि बाकी के चार फ्लोर को किराये पर चढ़ाया जाएगा।

गौरतलब है कि आलिया 6 नवंबर को मां बन गई है। उन्होंने बेटी को जन्म दिया है। आलिया भट्ट के इंस्टाग्राम अकाउंट पर उनके फैंस को ये खुशखबरी दी थी। फैंस ये जानकर काफी खुश हुए और उन्हें ढेर सारी बधाई दी। बॉलीवुड एक्टर्स ने भी आलिया और उनकी बच्ची पर खूब प्यार लुटाया और शुभकामनाएं दी।

आपको बता दें कि इसी साल लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद आलिया भट्ट और रणबीर कपूर ने शादी की थी। दोनों की शादी 14 अप्रैल को परिवार और कुछ खास दोस्तों की मौजूदगी में हुई थी। शादी के 2 महीने बाद 27 जून को आलिया ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रेग्नेंसी के बारे में फैंस को बताया था। आलिया ने अस्पताल के बेड पर लेटे हुए तस्वीर शेयर की, जिसमें वो अल्ट्रासाउंड करवाती दिख रही हैं। इसके साथ आलिया ने लिखा,‘हमारा बेबी..जल्द आ रहा है।’

आलिया-रणबीर ने पहली बार साल 2017 में फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ के लिए साथ में शूटिंग शुरू की थी। तभी दोनों ने एक दूसरे को डेट करना शुरू कर दिया। करीब 5 सालों तक एक दूसरे के साथ रिलेशन में रहने के बाद दोनों ने सात फेरे लिए। इनकी जोड़ी फैंस को बेहद पसंद आती है। हाल ही में उनकी ये फिल्म भी रिलीज हो गई, जिसे दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं।