दिग्गज पॉप सिंगर रिहाना के बाद अब एडल्ट फिल्म एक्ट्रेस मिया खलीफा और पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग ने भी भारत में प्रदर्शन कर रहे किसानों को लेकर बयान दिया है। किसान आंदोलन को लेकर रिहाना ने सवाल किया था कि हम इस पर बात क्यों नहीं कर रहे हैं। वहीं, मिया खलीफा ने भी ट्वीट किया- ‘ ये चल क्या रहा है? उन्होंने नई दिल्ली के आसपास के इलाकों में इंटरनेट काट दिया है?!’ ग्रेटा थनबर्ग ने भी कहा कि वह किसानों के साथ हैं।

इन हस्तियों के ट्वीट के बाद ये मामला अंतर्राष्ट्रीय तौर पर उछल गया। इसके बाद विदेश मंत्रालय की तरफ से एक बयान जारी किया गया और इसे भारत का व्यक्तिगत मामला बताया गया। अपने बयान में विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर बिना जानकारी के किए गए कमेंट को गैर जिम्मेदाराना करार दिया और कहा कि ऐसे मामलों पर टिप्पणी करने से पहले तथ्यों का पता लगाया जाए। मुद्दों पर विशेष समझ और पकड़ के बाद ही हैशटैग और टिप्पणियां की जाएं। खासकर जब मशहूर हस्तियां सोशल मीडिया पर ऐसे पोस्ट करें तो।

मंत्रालय के बयान में आगे कहा गया- ”भारत की संसद ने एक पूर्ण बहस और चर्चा के बाद, कृषि क्षेत्र से संबंधित कानून पारित किया। प्रदर्शनकारियों की भावनाओं का पूरा पूरा सम्मान किया गया है। ऐसे में कई बार सरकार ने किसानों और प्रदर्शनकारियों से बातचीत का रास्ता भी निकाला। अब तक 11 बार बातचीत की जा चुकी है।”

विदेश मंत्रालय के इस बयान के बाद कई बॉलीवुड हस्तियों ने भी बयान देने शुरू कर दिये।  सुनील शेट्टी ने रिहाना और मिया खलीफा के बयान को लेकर कहा कि आधे सच से खतरनाक कुछ भी नहीं है। इससे बचना चाहिए। शेट्टी ने कहा, हमें हमेशा चीजों को व्यापक दृष्टिकोण रखना चाहिए, क्योंकि आधे सच से ज्यादा खतरनाक कुछ भी नहीं है।

वहीं, अक्षय कुमार ने एक पोस्ट शेयर कर लिखा- किसान हमारे देश का एक अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनके मुद्दों को हल करने के लिए किए जा रहे प्रयास स्पष्ट हैं। मतभेद पैदा करने वाले किसी व्यक्ति पर ध्यान देने के बजाय एक सौहार्दपूर्ण संकल्प का समर्थन करें।

अजय देवगन ने भी कहा-  किसी भी फाल्स प्रॉपोगेंडा पर ध्यान न दें, उसे नजरअंदाज करें। इस वक्त हमारा एक साथ खड़ा होना सबसे ज्यादा जरूरी है। इसी तरह, अनुपम खेर ने भी एक ट्वीट कर कहा- हमारे देश के अंदरूनी मामलों में दख़ल देने वाले कुछ विदेशियों के लिए यह शेर अर्ज़ है… रिंदे ख़राब हाल को ज़ाहिद ना छेड़ तू , तुझको परायी क्या पड़ी अपनी नबेड तू..।