90 के दशक में बॉलीवुड की ऐसी कई जोड़ियां रही हैं, जिन्हें फिल्म की शूटिंग के दौरान को-एक्टर्स से प्यार हुआ। उन्होंने खूब सुर्खियां बटोरी। कोई अपने रिश्ते को नाम दे पाया तो किसी का रिश्ता शुरू होने के कुछ समय बाद ही टूट गया। फिर सालों तक एक-दूसरे से नहीं मिले। सालों के बाद साथ में स्क्रीन शेयर कर फैंस को सरप्राइज दे दिया। इसी में से एक अक्षय कुमार (Akshay Kumar) और रवीना टंडन (Raveena Tandon) की जोड़ी है। एक समय पर दोनों के खूब प्यार चर्चे रहे हैं। मगर रिश्ता टूटने के बाद वो साथ में नहीं दिखे। अब खबर है कि करीब 20 सालों के बाद इनकी जोड़ी एक बार फिर से पर्दे पर स्क्रीन शेयर करते हुए दिखाई देने वाली है।
पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक कहा जा रहा है कि अक्षय कुमार और रवीना टंडन की जोड़ी ‘वेलकम 3’ (welcome 3) के जरिए स्क्रीन शेयर करते हुए दिखाई देने वाली है। अगर ये रिपोर्ट सच होती है तो इनकी जोड़ी को साथ में आने में 20 साल लग गए। ‘वेलकम-3’ के मेकर्स ने इसे मुमकिन कर दिया। ‘वेलकम’ के तीसरे पार्ट का नाम ‘वेलकम टू जंगल’ होगा। ये एक एडवेंचर कॉमेडी फिल्म है। दोनों ही स्टार्स को फिल्म की स्क्रिप्ट पसंद आई है।
2024 में रिलीज होगी फिल्म
प्रोड्यूसर फिरोज नाडियावाला ‘वेलकम 3’ को प्रोड्यूस करेंगे। इसे क्रिसमस के मौके पर 2024 में रिलीज किया जाएगा। इसमें अक्षय कुमार के अलावा संजय दत्त और परेश रावल लीड रोल में नजर आने वाले हैं। इसके पहले पार्ट में अक्षय के साथ परेश रावल ने काम किया था। दूसरे पार्ट में जॉन अब्राहम ने खिलाड़ी कुमार को रिप्लेशन किया था। हालांकि, ये कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई थी। अब इसका तीसरा पार्ट मल्टीस्टारर बताया जा रहा है। इसमें सुनील शेट्टी, जैकलीन फर्नांडीस और दिशा पाटनी भी अहम भूमिका में हैं। फैंस बड़ी स्टारकास्ट को साथ में देखने के लिए काफी एक्साइटेड हैं।
कभी रहे प्यार के चर्चे, टूट चुकी सगाई
आपको बता दें कि अक्षय कुमार और रवीना टंडन के प्यार के चर्चे जगजाहिर हैं। एक समय पर दोनों के अफेयर की खबरें मीडिया में छाई रहती थीं। फिल्म ‘मोहरा’ में ‘टिप टिप बरसा पानी’ में दोनों की आइकॉनिक केमिस्ट्री कमाल की रही थी, जिसे आजतक कोई नहीं भुला पाया है। इस मूवी के बाद दोनों की सगाई और अफेयर की खबरें खूब रही थीं। हालांकि, कुछ समय के बाद ही इनकी सगाई के टूटने की खबर ने भी सभी को हैरान कर दिया था। फिर दोनों ने अपने राहें जुदा कर ली थी।
साल 2001 में अक्षय ने राजेश खन्ना की बेटी ट्विंकल से शादी कर ली थी और 2004 में रवीना ने बिजनेसमैन अनिल थडानी का हाथ थाम लिया था। अक्षय और रवीना ने आखिरी बार 2004 में रिलीज हुई फिल्म ‘पुलिस फोर्स’ में काम किया था।