अपनी फिल्म सुई धागा की प्रमोशन के लिए वरूण धवन और अनुष्का शर्मा कई दिलचस्प काम कर रहे हैं। वरूण ने हाल ही में अपने पिता के बर्थ डे पर अपने हाथों से एक शर्ट सिल कर दी थी। लगभग तीन घंटों की मेहनत के बाद वरूण ने इस शर्ट को तैयार किया था और ये शर्ट वरूण के पिता और मशहूर डायरेक्टर डेविड धवन को एकदम फिट भी आई थी। इसके अलावा अनुष्का ने भी फिल्म के लिए खास तौर पर एंब्रॉयड्री सीखी थी।

इसी सिलसिले में हाल ही में वरूण धवन ने अक्षय कुमार को सुई में धागा डालने का चैलेंज दिया। अक्षय कुमार ने भी इस चैलेन्ज को स्वीकार किया। लेकिन खिलाड़ी अक्षय इस चैलेंज को पूरा नहीं कर पाए और उन्होंने ट्वीटर पर ये वीडियो पोस्ट करते हुए कैप्शन भी लिखा – जिसका काम उसी को साझे। इसके साथ ही उन्होंने सचिन तेंदुलकर को इस चैलेंज  के लिए टैग भी किया।

हाल ही में खबर सामने आई थी कि अनुष्का शर्मा अपनी फिल्म के प्रमोशन के लिए बिग-बॉस 12 में जाने वाली थीं। लेकिन अपनी किसी प्रोफेशनल कमिटमेन्ट की वजह से अनुष्का बिग बॉस के घर में नहीं जा पाएंगी। माना जा रहा है कि बिग बॉस के सेट पर अब सिर्फ वरुण धवन ही जाएंगे।  यशराज बैनर के तले बनने वाली फिल्म सुई धागा की शूटिंग दिल्ली और मध्यप्रदेश में हुई है। फिल्म 28 सितंबर को देश के विभिन्न सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म में वरूण धवन और अनुष्का शर्मा लोअर मिडिल क्लास पति पत्नि का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म की कहानी एक छोटे से शहर में रहने वाले पति-पत्नी के संघर्ष पर आधारित है। केंद्र सरकार के मेक इन इंडिया थीम से प्रभावित इस फिल्म में यह दिखलाया गया है कि कैसे एक आम इंसान अपनी इच्छाशक्ति और मेहनत के बल पर सफलताएं हासिल कर सकता है।