‘मिशन रानीगंज’ की असफलता के बाद अक्षय कुमार (Akshay Kumar) इन दिनों ‘हाउसफुल 5’ (Housefull 5) को लेकर चर्चा में आ गए हैं। वो एक बार फिर से दर्शकों को गुदगुदाने के लिए बड़े पर्दे पर कॉमेडी फिल्म लेकर आ रहे हैं। पहले मेकर्स ने इसे दिवाली 2024 पर रिलीज किए जाने का प्लान बनाया था। लेकिन, अब इसकी रिलीज डेट को पोस्टपोन कर दिया गया है। मूवी की नई रिलीज डेट का ऐलान अक्षय कुमार ने किया है। ये अब 2025 में सिनेमाघरों में दस्तक देगी। चलिए बताते हैं 2025 में इसे आप कब सिनेमाघरों में देख पाएंगे।
दरअसल, ‘हाउसफुल 5’ के लीड एक्टर अक्षय कुमार ने फिल्म की नई रिलीज डेट का ऐलान इंस्टाग्राम पर इसका एक पोस्टर शेयर करके दी है। पोस्ट में मूवी के पोस्टर के साथ-साथ फिल्ममेकर सजिद नाडियाडवाला का स्टेटमेंट भी शेयर किया है। इसमें लिखा है, ‘हाउसफुल फ्रेंचाइजी की सफलता को ऑडियंस ने अनुभव किया है और हम आशा करते हैं कि हाउसफुल 5 को भी ऐसा ही रिस्पांस मिलेगा। टीम ने एक बेहतरीन स्टोरी लिखी है, जिसमें अच्छे वीएफएक्स की मांग भी है। इस वजह से हमने तय किया कि आपको अच्छे से अच्छा एंटरटेनमेंट दे पाएं। इस वजह से अब इसे 6 जून, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।’
वहीं, अक्षय कुमार ने इसे शेयर करने के साथ ही लिखा, ‘पांचवी बार एंटरटेनमेंट जल्द लेकर आ रहे हैं। 6 जून, 2025 को सिनेमाघरों में मिलते हैं।’ आपको बता दें कि साजिद नाडियाडवाला इसे प्रोड्यूस कर रहे हैं और तरुण मनसुखानी इसका निर्देशन कर रहे हैं। फैंस इसके लिए काफी एक्साइटेड हैं और रिलीज के साथ तमाम अपडेट्स का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
दिवाली 2024 में होनी थी रिलीज
आपको बता दें कि इससे पहले अक्षय कुमार ने फिल्म ‘हाउसफुल 5’ की रिलीज डेट का ऐलान किया था कि इसे दिवाली 2024 के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा, जिसे अब वीएफएक्स की वजह से पोस्टपोन कर दिया गया है। इसमें अक्षय के साथ रितेश देशमुख और अन्य सितारे भी अहम भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं।
गौरतलब है कि ‘हाउसफुल’ 2010 में रिलीज की गई थी। इसे दर्शकों से अच्छा रिस्पांस मिला था। बॉक्स ऑफिस पर भी हिट रही थी। इसके बाद इसकी बाकी फ्रेंचाइजी ‘हाउसफुल 2’ (2012), ‘हाउसफुल 3’ (2016) और ‘हाउसफुल 4’ (2019) में आई थी। इन सभी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा खासा प्रदर्शन किया था। ऐसे में देखना होगा कि ‘हाउसफुल 5’ की क्या परफॉर्मेंस होती है।