भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी और पैसा गबन करने का मामला दर्ज हुआ था। इसके बाद एक्ट्रेस के पिता ने मानहानि का केस दर्ज करवाया है। अक्षरा के पिता का कहना है कि उनकी बेटी की छवि खराब करने के लिए ऐसा किया गया है। अक्षरा सिंह के पिता का नाम बिपिन सिंह है और उन्होंने अक्षरा पर धोखाधड़ी के आरोप लगाने वाले शिवेश मिश्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
अपनी शिकायत में अक्षरा के पिता ने कहा है कि उनकी बेटी के लिए सोशल मीडिया पर अश्लील कमेंट्स किए गए। और उनपर गलत आरोप लगाते हुए वीडियो वायरल कर उनकी बेटी की इमेज को खराब करने की कोशिश की गई है।
अपनी एफआईआर में बिपिन सिंह ने कहा है कि उन्हें आश्वासन दिया गया था कि अक्षरा के इवेंट के लिए प्रशासन से जो अनुमति मिली है उसके कागज दिए जाएंगे और उनकी सुरक्षा का भी पूरा इंतजाम किया जाएगा। शिवेश मिश्रा, जिन्होंने ये कार्यक्रम आयोजित किया था, उन्होंने कहा था कि इवेंट एक स्कूल में होने वाला है, लेकिन ये मेले में आयोजित किया गया। उनसे कहा गया था प्रशासन की अनुमति वाले कागज इवेंट में पहुंचने के बाद दिए जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

आपको बता दें कि इस कार्यक्रम में अक्षरा पर नोट उड़ाए गए थे। इसे लेकर बिपिन सिंह ने कहा कि शिवेश के कार्यकर्ताओं ने साजिश के तहत उनकी बेटी पर नोट उड़ाए और ये महिला कलाकार का अपमान है। बिपिन ने अपनी एफआईआर की कॉपी शेयर की है। उन्होंने इस मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
आपको बता दें कि अक्षरा सिंह के खिलाफ भारतीय दंड विधान की कई धारा 323, 420, 406, 427, 504 और 506 जैसे गंभीर धाराओं के तहत ये केस दर्ज है। उनके कार्यक्रम के आयोजक शिवेश ने अक्षरा पर धोखाधड़ी और गबन करने का आरोप लगाते हुए उनपर एफआईआर दर्ज करवाई थी।