टीवी की पॉपुलर एक्ट्रेस और ‘बिग बॉस’ फेम आकांक्षा पुरी (Akanksha Puri) पिछले काफी समय से भोजपुरी में एक्टिव हैं। उनकी और खेसारी लाल यादव की जोड़ी स्क्रीन पर खूब धमाल मचा रही है। दोनों ने साथ में कई म्यूजिक वीडियो और फिल्मों में काम किया है। काजल राघवानी से अलग होने के बाद खेसारी लाल की जोड़ी आकांक्षा पुरी के जमी और भोजपुरी में उन पर काफी प्यार भी लुटाया। लेकिन, अब अभिनेत्री का कहना है कि भोजपुरी वाले उन्हें अफॉर्ड नहीं कर पाएंगे और वो यहां पर ज्यादा काम भी नहीं करना चाहती हैं। अगर करती हैं तो उनका काफी लॉस हो जाएगा। अपने इस बयान के बाद वो चर्चा में आ गई हैं।

दरअसल, आकांक्षा पुरी हाल ही में एक पॉडकास्ट में पहुंची थीं। इस इंटरव्यू से उनके वीडियो क्लिप्स सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। ऐसे में अब उनका एक वीडियो क्लिप और सामने आया है, जिसमें भोजपुरी इंडस्ट्री के साथ ही अभिनेत्रियों को लेकर बात करते हुए नजर आ रही हैं। इसमें वो दावा करते हुए दिखाई दे रही हैं कि भोजपुरी में एक्ट्रेसेस उनसे जलती होंगी क्योंकि उनके वीडियोज पर उनसे ज्यादा व्यूज आते हैं और ट्रेंड करते हैं।

भोजपुरी वालों के लिए अफॉर्ड करना थोड़ा मुश्किल है- आकांक्षा पुरी

आकांक्षा पुरी कहती हैं, ‘भोजपुरी की फीमेल एक्टर्स शायद वो मुझसे जल तो रही ही होंगी। क्योंकि उनकी…शायद सॉन्ग पर भी इतने व्यूज नहीं आए, जितनी मेरी बीटीएस स्टोरीज को आ जाते हैं। प्लस वहां देखिए बजट बहुत कम है जो हमारा हर दिन यहां लेते हैं एक गाने का वहां उतने बजट में पूरा गाना शूट हो जाता है तो उन लोगों के लिए हम लोगों को अफॉर्ड करना थोड़ा मुश्किल है।’ इसके साथ ही आकांक्षा पुरी ने भोजपुरी में काम करने को लेकर कहा, ‘भोजपुरी में मैं बहुत ज्यादा तो काम नहीं करना चाहती हूं। क्योंकि मेरा लॉस हो जाएगा।’

आकांक्षा ने खेसारी को बताया ‘कंजूस’ तो पवन सिंह को ‘हॉट’

इसके साथ ही आकांक्षा पुरी ने इस इंटरव्यू में खेसारी लाल यादव को ‘कंजूस’ बताया था। उन्होंने कहा था कि वो अपनी जेब से एक कॉफी तक नहीं पिलाते हैं। वो अपने साथ हमेशा स्पॉन्सर्स रखते हैं। एक्ट्रेस ने कहा था कि उनको नहीं लगता है कि खेसारी ने कभी एक रूमाल तक अपनी जेब से खरीदा होगा। उनका मानना है कि उन्होंने खेसारी से ज्यादा कंजूस अपना कोई दोस्त अबतक नहीं देखा। वहीं, उन्होंने पवन सिंह को लेकर भी बात की और उन्हें ‘हॉट’ का टैग दिया था। साथ ही ये भी कहा था कि उनका ऑरा ऐसा है कि जब वो सेट पर आते हैं तो उनके सामने ज्यादा मजाक मस्ती की ही नहीं जा सकती है। अगर ये खबर आपको अच्छी लगी तो आप इसे यहां पर पढ़ सकते हैं।