बॉलीवुड के ‘शो मैन’ राजकपूर ने 2 जून 1988 को इस दुनिया से अलविदा कहा था। लेकिन आज भी लोग उनकी एक्टिंग और काम को याद करते हैं। राजकपूर की फिल्मों के अलावा उनकी पार्टियां भी बॉलीवुड में काफी मशहूर थीं। बॉलीवुड का हर छोटा-बड़ा कलाकार उनकी पार्टी में पहुंचता था। उनकी आखिरी बर्थडे पार्टी भी काफी यादगार रही थी। जिसमें बॉलीवुड का लगभग हर सितारा पहुंचा था।
आखिरी जन्मदिन था खास: अपने आखिरी जन्मदिन पर राज कपूर लाल कलर का कोट और ब्लैक पैंट पहनकर झूले पर बैठे थे। सभी मेहमान जाकर उनके गले लग रहे और जन्मदिन की बधाई दे रहे थे। रणधीर कपूर, शशि कपूर, ऋषि कपूर ने उनके गले लगकर बधाई दी थी।
राज कुमार भी उनके बर्थडे पर तोहफा लेकर पहुंचे थे और उन्होंने राज को माथे पर चूमकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी थी। जितेंद्र, अनिल कपूर, बिंदू, मिनाक्षी शेषाद्री, जैकी श्रॉफ, शत्रुघ्न सिन्हा, सुनील दत्त समेत अन्य कलाकार भी पार्टी में पहुंचे थे। लेकिन सबकी निगाहें रेखा पर टिक गई थीं। रेखा ने सफेद और रेड कलर की ड्रेस पहनी हुई थी, जिसमें वो बेहद खूबसूरत दिख रही थीं।
होली पार्टी थी मशहूर: राज कपूर की पार्टी बॉलीवुड के लिए बड़ा जश्न हुआ करती थी। हर साल उनकी होली पार्टी का आयोजन आरके स्टूडियो में हुआ करता था। इस पार्टी के लिए बकायदा पूल, खाने और पीने का पूरा इंतजाम हुआ करता था।
राजकपूर की फिल्मों को विदेशों में भी खूब पसंद किया जाता था। ‘बॉबी’ फिल्म की शूटिंग के दौरान वे प्रकृति के खूबसूरत नजारों को फिल्माने के लिए कश्मीर गए थे। शूट के लिए जब वो चौकी से गुजरे तो उनके रास्ते में एक बैरिकेड पड़ा, जहां से आगे जाने की अनुमति नहीं थी।
ऐसी थी राजकपूर की फैन फॉलोइंग: इसपर राज कपूर ने कमांडर को ये बताने को कहा कि राज कपूर आए हैं। बीबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक कमांडर ने वहां पहुंचकर न सिर्फ राज कपूर का अभिवादन किया, बल्कि उनकी टीम को भारत-पाकिस्तान सीमा तक ले जाने के लिए दो जीपों की व्यवस्था भी की। इसके साथ ही पाकिस्तानी सैनिक उनसे मिलने के लिए बॉर्डर पर आए और वो अपने साथ राज कपूर और बाकी लोगों के लिए मिठाइयां लाए थे।
