11 अक्टूबर को मेगा स्टार अमिताभ बच्चन का जन्मदिन था। बिग बी 82 साल के हो गए हैं। इस मौके पर उनके तमाम फैंस ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। आधी रात को जन्मदिन खत्म होने से कुछ समय पहले अमिताभ बच्चन की बहू और एक्ट्रेस ऐश्वर्या राय बच्चन ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।
ऐश्वर्या ने अमिताभ बच्चन के जन्मदिन के मौके पर बेटी आराध्या संग उनकी एक तस्वीर शेयर की है। तस्वीर के साथ कैप्शन देते हुए एक्ट्रेस ने लिखा है- ‘हैप्पी बर्थडे पा-दादाजी, भगवान आपको आशीर्वाद दे।’
तस्वीर में आराध्या ने अपने दादाजी को गले लगाया हुआ है, आराध्या के हाथ में एक गुलाब का फूल भी है। ऐश्वर्या राय ने अपने इंस्टाग्राम पर लंबे समय बाद कोई पोस्ट किया है, ऐसे में फैंस उनसे गुजारिश कर रहे हैं कि वो इंस्टा पर पोस्ट करती रहा करें।
आपको बता दें, पिछले काफी समय से खबरें आ रही हैं कि ऐश्वर्या और अभिषेक के बीच सब ठीक नहीं है। इन खबरों को हवा तब मिली जब अंबानी के फंक्शन में अभिषेक पूरे परिवार के साथ पहुंचे मगर ऐश्वर्या उनके साथ नहीं थीं। थोड़ी देर बाद ऐश्वर्या अपनी बेटी आराध्या के साथ पार्टी में पहुंची थीं। हाल ही में जब ऐश्वर्या को आईफा उत्सवम में अवॉर्ड मिला तब भी वो वहां बेटी के साथ ही पहुंची थीं। इसके अलावा पेरिस फैशन वीक हो या फिर कोई और इवेंट ऐश हर जगह अपनी बेटी के साथ ही पहुंचती हैं। जबकि अभिषेक या फिर परिवार का कोई अन्य सदस्य नदारद रहता है।