बॉलीवुड की पॉपुलर एक्ट्रेसेस में से एक ऐश्वर्या राय बच्चन के लिए 1 नवंबर का दिन बेहद खास होता है। दरअसल, 1 नवंबर को ऐश्वर्या राय बच्चन का जन्मदिन होता है। ऐश्वर्या राय बच्चन ने बुधवार को अपना 50वां जन्मदिन मनाया है। इस खास मौके पर ऐश्वर्या राय बच्चन को उनके तमाम चाहने वालों ने बर्थडे पर विश किया है।

वहीं उनके पति अभिषेक ने भी एक्ट्रेस को बर्थडे पर विश किया है, लेकिन सोशल मीडिया पर एक्टर का पोस्ट देखने के बाद ऐश्वर्या के फैंस ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया है। अभिषेक ने जहां अपने पिता अमिताभ बच्चन के जन्मदिन के मौके पर लंबा चौड़ा पोस्ट किया था। वहीं पत्नी के बर्थ पर सिर्फ हैपी बर्थडे लिखना एक्ट्रेस को फैंस को रास नहीं आया है।

लोगों का मनना है कि अभिषेक और ऐश के बीच सब कुछ सही नहीं चल रहा है। इसलिए एक्ट्रेस के बर्थडे सेलिब्रेशन में बच्चन परिवार का कोई भी सदस्य नहीं दिखा।

अभिषेक बच्चन हुए ट्रोल

दरअसल अभिषेक बच्चन ने ऐश्वर्या राय के जन्मदिन के मौके पर एक्ट्रेस की एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा “जन्मदिन मुबारक”। इसके साथ हर्ट और नजर वाली इमोजी शेयर की है। एक्टर की इस पोस्ट पर कमेंट करते हुए ऐश्वर्या के एक फैंन ने लिखा कि “आपने अपने पिता के लिए एक आर्टिकल टाइप लिख दिया था, उनके जन्मदिन पर, लेकिन पत्नी के लिए सिर्फ दो शब्द ही लिखे हैपी बर्थडे?” एक अन्य यूजर ने लिखा कि “कृपया कुछ प्यार से लिखें जैसे मेरी प्रिय पत्नी या डार्लिंग को जन्मदिन की शुभकामनाएं। इतना सूखा क्यों?” एक तीसरे यूजर ने लिखा, “जरा सोचिए इतनी सुंदर पत्नी और पति को बस इतना ही कहना है कि जन्मदिन मुबारक हो…।”

एक यूजर ने लिखा कि “आपने अपनी पत्नी के 50वें जन्मदिन पर कुछ नहीं किया… कितने दुख की बात है।” एक यूजर ने लिखा कि “आपने ऐश्वर्या राय बच्चन की बहुत पुरानी तस्वीर लगाई है आपने उनकी हालिया तस्वीरें क्यों नहीं इस्तेमाल कीं? क्या आप उसके बढ़े हुए वजन से शर्मिंदा हैं? एक पति के रूप में यदि आप ऐसा करते हैं तो आप दर्शकों से क्या उम्मीद करते हैं? अभिषेक बच्चन शर्म करो !” एक यूजर ने लिखा कि “मैंने आपको कभी भी अपनी मां, पिता या बहन, यहां तक कि बहनों, बच्चों के लिए भी इतनी छोटी पोस्ट लिखते नहीं देखा…फिर आपने ऐश के लिए ऐसा क्यों किया। कृपया उन्हें एक घर दीजिए जिसे वह अपना कह सके…यह बेहद अनुचित है। कुछ बातें अनकही रह जाती हैं और महिला यह उम्मीद करते-करते मर जाती है कि उसका पति उसे समझेगा…बेचारी ऐश…भगवान आपको लंबी उम्र दे।”

फैंस ने किया बचाव

वहीं ऐश्वर्या और अभिषेक के फैंस ने एक्टर का बचाव करते हुए लिखा कि “यह उनकी पसंद है कि सार्वजनिक रूप से क्या पोस्ट करना है और क्या नहीं। रोमांटिक रिश्ता कुछ लोगों के लिए व्यक्तिगत और निजी होता है और हम सबको इसका सम्मान करना चाहिए।” बता दें कि 4 जनवरी, 2007 को ऐश्वर्या और अभिषेक ने सगाई की थी, और 20 अप्रैल, 2007 को शादी के बंधन में बंध गए थे। कपल ने शादी के चार साल बाद आराध्या का स्वागत किया था। अभिषेक और ऐश्वर्या की शादी को 16 साल हो गए हैं।