इस वक्त हमारे देश के नाम को लेकर बहस छिड़ी हुई है। जी-20 से जुड़े निमंत्रण पत्र पर द्रौपदी मुर्मू को प्रेसिडेंट ऑफ भारत लिखा गया था, जिसके बाद इसपर राष्ट्रव्यापी बहस छिड़ गई। कहा जा रहा है कि देश के नाम को इंडिया नहीं केवल भारत किया जाएगा। अटकलें लगाई जा रही हैं कि संसद के विषेश सत्र में इसपर निर्णय लिया जा सकता है। हर कोई देश के नाम को लेकर अपनी राय दे रहा है। कंगना रनौत के बाद अब अमिताभ बच्चन और जैकी श्रॉफ का रिएक्शन भी सामने आया है।

हम नहीं बदलेंगे- जैकी श्रॉफ

जैकी श्रॉफ ने इसपर कहा, “पहले देश को भारत कहा जाता था ना? मेरा नाम जैकी है, कोई मुझे जॉकी कहते हैं कोई जाकी कहता है। लोग मेरा नाम बदलते हैं उसके कारण मैं अपना नाम नहीं बदल दूंगा। सिर्फ नाम बदलेगा, हम नहीं बदलेंगे। तुम लोग देश का नाम बदलते रहो, लेकिन ये मत भूलना कि तुम भारतीय हो।”

अमिताभ बच्चन ने किया पोस्ट

देश के नाम पर छिड़ी बहस के बीच अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर किया है। बिग बी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं और लगातार कुछ न कुछ पोस्ट करते हैं। इस मुद्दे पर उन्होंने लिखा, “भारत माता की जय।” इसके साथ उन्होंने तिरंगे का इमोजी भी शेयर किया है।

कंगना रनौत ने समझाया भारत का अर्थ

कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर भारत देश का अर्थ बताया है। उन्होंने लिखा, “इस नाम में प्यार करने वाला क्या है? पहले तो वह ‘सिंधु’ का उच्चारण नहीं कर सके तो उसको बिगाड़ा के ‘सिंधु’ कर दिया। फिर कभी हिंदोस कभी इंदोस कुछ भी गोल मोल करके इंडिया बना दिया।” आगे उन्होंने लिखा, “महाभारत के समय से कुरुक्षेत्र के महान युद्ध में भाग लेने वाले सभी राज्य भारत नामक एक महाद्वीप के अंतर्गत आते थे, तो वे हमें इंदु सिंधु क्यों कह रहे थे? और भारत नाम का अर्थ बहुत खूबसूरत है। भारत का अर्थ क्या है? मैं जानती हूं कि वे रेड इंडियन कहते थे क्योंकि पुरानी अंग्रेजी में इंडियन का मतलब केवल एक गुलाम होता था, उन्होंने हमें इंडियन नाम दिया क्योंकि वह हमारी नई पहचान थी जो हमें अंग्रेजों ने दी थी। पुराने जमाने की डिक्शनरी में भी इंडियन का मतलब गुलाम बताया जाता था, हाल ही में इसे बदल दिया गया है। यह भी हमारा नाम नहीं है, हम भारतीय हैं, इंडियन नहीं।”

दो साल पहले कंगना ने की थी ये मांग

आपको बता दें कि कंगना ने एक पुरानी पोस्ट शेयर की है, जो उनके द्वारा दो साल पहले की गई थी। उस पोस्ट में कंगना ने देश का नाम इंडिया होने को लेकर आपत्ति जताई थी। उन्होंने लिखा था देश का नाम इंडिया हटा देना चाहिए और इसके बजाय भारत कहा जाना चाहिए। इसे शेयर करते हुए कंगना ने लिखा, “कुछ लोग इसे काला जादू कहते हैं। यह बस ग्रे मैटर है। सभी को बधाई। एक गुलाम नाम से मुक्ति। जय भारत।”