बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर और रश्मिका मंदाना स्टारर फिल्म ‘एनिमल’ बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई है। संदीप रेड्डी वांगा के निर्देशन में बनी फिल्म एनिमल वर्ल्डवाइड 898 करोड़ से अधिक का कारोबार कर चुकी है। यह फिल्म साल 2023 की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में से एक है।

फिल्म में रणबीर कपूर और रश्मिका मंदाना के अलावा बॉबी देओल, अनिल कपूर, तृप्ति डिमरी और शक्ति कपूर अहम भूमिका में हैं। फिल्म के कई कलाकार इस फिल्म से रातों-रात स्टार बन गए हैं। जैसे तृप्ति डिमरी इस फिल्म के बाद नेशनल क्रश बन गई हैं। एक तरफ जहां इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता झंडे गाडे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ इस फिल्म को काफी आलोचनाओं का सामना भी करना पड़ा है।

फिल्म को महिला विरोधी बताया गया है। लोगों ने टॉक्सिक मर्दानगी को ग्लोरिफाई तरीके से दिखाने की आलोचना की है। अब हाल ही में जान-माने गीतकार ने ‘एनिमल’ के सफल होने को खतरनाक बताया था। वहीं अब कंगना रनौत ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि दर्शकों से सिर्फ महिलाओं के साथ मारपीट करने वाली फिल्में ही पसंद आती हैं। 

कंगना रनौत ने की एनिमल की आलोचना

दरअसल हाल ही में कंगना रनौत के एक फैन ने ट्वीट करते हुए लिखा था कि “जी5 पर कंगना रनौत की फिल्म ‘तेजस’ एक बहुत ही बेहतरीन फिल्म है। मुझे समझ नहीं आ रहा है कि आखिर यह फिल्म क्यों नहीं चली। करण जौहर और गिरोह उनके करियर को खत्म करना चाहते हैं। सभी को यह फिल्म जरूर देखनी चाहिए।”

इस ट्वीट पर कंगना रनौत ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि “मेरी फिल्मों पर पेड नेगेटिविटी भारी पड़ती है। मैं अब तक कड़ी मेहनत कर रही हूं लेकिन दर्शक भी महिलाओं को पीटने वाली फिल्मों को ही पसंद कर रहे हैं जहां उनके साथ सेक्स ऑब्जेक्ट की तरह व्यवहार किया जाता है और जूते चाटने के लिए कहा जाता है। यह उस व्यक्ति के लिए बहुत हैरान करने वाला है जो महिलाओं के लिए अपना जीवन समर्पित कर रहा है और महिला सशक्तिकरण फिल्में बना रहा है। आने वाले वर्षों में करियर बदल सकता है। मैं अपनी लाइफ के महत्वपूर्ण साल अब अच्छे काम को देना चाहती हूं।”

जावेद अख्तर ने क्या कहा था

वहीं हाल ही में जावेद अख्तर ने भी एनिमल की आलोचना करते हुए कहा था कि “आज के समय में एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी सिनेमा बनाने वालों से ज्यादा सिनेमा देखने वालों पर है क्योंकि अगर किसी फिल्म में एक हीरो किसी महिला से अपने जूते चाटने को कहता है और वो फिल्म सुपरहिट हो जाए तो ये बड़ी खतरनाक बात है।” बता दें कि फिल्म के कई सीन्स और ‘अर्जन वैली’ पर खूब बवाल मचा था। इस गाने और फिल्म को लेकर संसद में भी आवज उठाई गई थी।