हाल ही में दीपिका और रणवीर सिंह ने अपनी  शादी का ऐलान किया है। बॉलीवुड का ये पावर कपल 14-15 नवंबर को शादी रचाने जा रहा है। माना जा रहा है कि दीपिका और रणवीर के साथ ही प्रियंका चोपड़ा भी दिसंबर में निक जोनास के साथ शादी कर सकती हैं। इसके अलावा कपिल शर्मा की शादी की चर्चा भी काफी समय से थी और अब उनकी शादी की डेट भी फाइनल हो गई है। वे लंबे वक्त बाद छोटे पर्दे पर तो वापसी कर ही रहे हैं इसके अलावा वे अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी चर्चा में हैं। कपिल शर्मा ने बताया कि वे दिसंबर की 12 तारीख को कपिल शर्मा अपनी गर्लफ्रेंड गिन्नी चतरथ से शादी करेंगे।

यह शादी पंजाब के जालंधर में होगी। शादी की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। ये शादी पंजाबी रीति-रिवाज के मुताबिक होगी और इस शादी का फंक्शन 4 दिन तक चलेगा। रिपोर्ट्स के अनुसार इस शादी में केवल करीबी रिश्तेदार और परिवार वाले ही शामिल होंगे। पंजाब में शादी के बाद कपिल मुंबई में भी एक रिसेप्शन पार्टी देंगे। माना जा रहा है कि कपिल की शादी में फिल्म इंडस्ट्री के कई नामी गिरामी सितारे शामिल हो सकते हैं। कपिल शर्मा की शादी उनके पंजाब में स्थित घर से ही होगी। कपिल ने पिछले साल ट्वीट करते हुए गिन्नी से अपने प्यार का इज़हार किया था।

कपिल शर्मा से जुड़ी दूसरी खुशखबरी ये है कि वे वापस अपने शो में लौट रहे हैं। द कपिल शर्मा शो के जरिए वे एक बार फिर लोगों का मनोरंजन करते नजर आएंगे। वे शो की शूटिंग के लिए मुंबई वापस आ चुके हैं।  कपिल शर्मा ‘द कपिल शर्मा शो’ से टीवी पर वापसी करने वाले हैं। उन्होंने ट्वीटर पर इस बात की जानकारी दी थी। कपिल ने अपने ट्वीट में लिखा था – ‘जल्द वापस आ रहा हूं, द कपिल शर्मा शो लेकर, आपके लिए।’ गौरतलब है कि कपिल शर्मा पिछले कई महीनों से डिप्रेशन से जूझ रहे थे। उन्होंने ट्वीटर पर एक पत्रकार पर आरोप लगाते हुए कई गालियों से भरे ट्वीट भी किए थे। इसके अलावा उन्होंने इस पत्रकार को कॉल पर गालियां भी दी थी। कपिल अपने को-स्टार सुनील ग्रोवर से झगड़े के कारण भी सुर्खियों में थे। कई परेशानियों के चलते उनका वजन भी बढ़ गया है। हालांकि काफी समय बाद वे अपनी फिटनेस पर ध्यान दे रहे हैं और जिम और योगा शिविरों में जा रहे हैं।

https://www.jansatta.com/entertainment/