विक्रांत मैसी की फिल्म ’12th फेल’ इन दिनों चर्चा में बनी हुई है। विधु विनोद चोपड़ा के डायरेक्शन में बनी यह फिल्म लोगों को खूब पसंद आ रही है। सिनेमाघरों के बाद फिल्म ओटीटी पर धमाल मचा रही है। फिल्म की कहानी ने दर्शकों का दिल जीत लिया है।
आम जनता के अलावा सेलेब्स भी फिल्म की जमकर तारीफ कर रहे हैं। बीते दिनों जहां आलिया भट्ट और दीपिका पादुकोण ने फिल्म की तारीफ की थी तो वहीं अब देश के जाने-माने उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने फिल्म और विक्रांत मैसी के तारीफों के पुल बांधे हैं। इसके अलावा उन्होंने यह भी बताया है कि आखिर इस फिल्म को लोगों को क्यों देखना चाहिए। आनंद महिंद्रा के पोस्ट पर विक्रांत मैसी ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।
आनंद महिंद्रा को पसंद आई ’12th फेल’
आनंद महिंद्रा ने एक्स पर एक लंबा चौड़ा पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने ’12वीं फेल’ डायरेक्टर विधु विनोद चोपड़ा से ऐसी और फिल्में बनाने की अपील की है। पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि ‘आखिरकार पिछले वीकेंड मैंने ’12वीं फेल’ फिल्म देख ली। यदि आप साल में केवल एक फिल्म देखते हैं तो यकीनन वो यही होनी चाहिए। इसी के साथ आनंद महिंद्रा ने लोगों को बताया कि उन्हें ये फिल्म क्यों देखनी चाहिए?’
1- प्लॉट: यह कहानी देश के रियल लाइफ हीरो पर आधारित है। सिर्फ हीरो ही नहीं, बल्कि सफलता के भूखे लाखों युवाओं की भी जो दुनिया की सबसे अधिक प्रतिस्पर्धा वाली परीक्षाओं में से एक को पास करने के लिए असाधारण बाधाओं के खिलाफ संघर्ष करते हैं।
2- एक्टिंग: विधु चोपड़ा ने कास्टिंग का शानदार काम किया है। एक-एक किरदार ने अपनी भूमिका में शानदार काम किया है जो गंभीर और भावुक दिखते हैं। लेकिन विक्रांत मैसी ने एक शानदार प्रदर्शन किया है जो राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार के योग्य है। वो केवल किरदार के जीवन की एक्टिंग नहीं कर रहे थे, बल्कि ऐसा लगा जैसे वो खुद उसे जी रहे थे।
3- नैरेटिव स्टाइल: विधु चोपड़ा हमें याद दिलाते हैं कि महान सिनेमा महान कहानियों के बारे में है। और विशेष प्रभावों का अच्छी तरह से बताई गई कहानी की सादगी और प्रामाणिकता से कोई मुकाबला नहीं है। मेरे लिए सबसे आकर्षण का पल वो था जब इंटरव्यू सीन आता है। हां, ये थोड़ा मनगढ़ंत आपको लग सकता है, लेकिन गहरे डायलॉग इस दौरान आपकी आंखों के बीच सटीक रूप से प्रभावित करता है और आपको दिखाता है कि भारत को एक नए भारत के निर्माण के लिए क्या करना चाहिए। मिस्टर चोपड़ा, इस तरह की फिल्मों के लिए ये दिल मांगे मोर!’
विक्रांत मैसी ने दी प्रतिक्रिया
आनंद महिंद्रा के पोस्ट पर विक्रांत मैसी ने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि ‘हमारे प्रयासों के लिए आपकी तारीफ करना और दूसरों को ये फिल्म देखने का सुझाव देना मेरे लिए और मेरी टीम के लिए बहुत मायने रखता है। आप अपनी उत्कृष्टता और कमिटमेंट की वजह से लाखों लोगों के लिए प्रेरणा रहे हैं। ऐसा लग रहा है कि हमने कुछ सही किया है। आपका धन्यवाद सर।’
बता दें कि ’12वीं फेल’ अब ऑस्कर 2024 की 265 फिल्मों की लिस्ट में शामिल हो गई है। इसके अलावा ऑस्कर की लिस्ट में इसके अलावा हिना खान की फिल्म ‘कंट्री ऑफ ब्लाइंड और प्रोड्यूसर टोविनो थॉमस की फिल्म ‘2018’ भी शामिल है।