बॉलीवुड के बाद भोजपुरी इंडस्ट्री में भी इस वक्त नेपोटिज्म और ग्रुपिज्म की बहस जोरों पर है। हाल ही में भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह ने जहां भोजपुरी इंडस्ट्री में ग्रुपिज्म का मुद्दा उठाते हुए इसकी शिकार होने की बात कही थी, वहीं अब एक्ट्रेस शुभी शर्मा ने भी इसके खिलाफ खुलकर बोली हैं। शुभी शर्मा ने फिल्म प्रोड्यूसर निशांत उज्ज्वल को हाल ही में दिए इंटरव्यू में अपनी बात रखते हुए कहा कि भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में ग्रुपिज्म काफी बड़े स्तर पर काम करता है।

शुभी शर्मा ने कहा कि भोजपुरी इंडस्ट्री में खेमेबाजी काफी चलती है। अगर आप किसी एक ग्रुप के साथ काम कर लेते हैं तो दूसरे ग्रुप वाले टारगेट करने लगते हैं। एक्ट्रेस ने कहा कि उन्होंने सभी के साथ काम किया है लेकिन फिर भी लोग दूसरे ग्रुप की बोलकर काम देने से मना कर देते हैं। एक्ट्रेस ने आगे कहा कि कई बार ऐसा भी हुआ है कि फिल्म साइन हो गई है। दो दिन बाद शूटिंग शुरू होने वाली है, तभी कॉल आ जाता है कि फिल्म में हीरोइन बदल गई है। वे लोग कारण भी नहीं बताते हैं।

शुभी शर्मा ने ग्रुपिज्म की शिकार होने की बात को स्वीकार करते हुए कहा कि उनके साथ कई बार ऐसा हुआ है। लेकिन उन्हें इसका फर्क नहीं पड़ता। वह अपनी शर्तों पर काम करती हैं और एक अच्छी आर्टिस्ट हूं तो काम आएगा ही आएगा। एक्ट्रेस ने आगे कहा कि फिल्मों से निकाल देने के बाद नुकसान उनका होता है। ऐसे में एक अच्छी आर्टिस्ट उनकी फिल्मों में नहीं आ पाती है।

बता दें कि इससे पहले अक्षरा सिंह ने इस मुद्दे को उठाते हुए कहा था कि भोजपुरी इंडस्ट्री में उनके खिलाफ एकजुट हो कर साजिश की गई। उन्होंने भोजपुरी अभिनेत्रियों पर भी सवाल उठाते हुए कहा था कि आज जो एक्ट्रेसेज नेपोटिज्म पर खुलकर बोल रही हैं उस वक्त उन्होंने उनका साथ नहीं दिया था। एक समय ऐसा भी आया था जब उनके लिए इंडस्ट्री में सारे दरवाजे बंद हो गए है। उनके गाने कोई रिलीज करने को तैयार नहीं होता था।

गौरतलब है कि शुभी शर्मा ने भोजपुरी में 30 से भी ज्यादा फिल्में कर चुकी हैं। वहीं शुभी शर्मा ने हिंदी फिल्म ‘वेलकम बैक’ के एक गाने में भी जॉन अब्राहम संग नजर आई थीं।