अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा और सिंगर निक जोनस की शादी से दोनों के ही फैंस बेहद खुश हैं। दंपति शादी के तीन साल पूरे कर चुका है। हालांकि एक वक्त ऐसा था जब प्रियंका की मां के लिए उनकी शादी हैरानी वाली बात थी। प्रियंका चोपड़ा कीमां को लगता था कि वह कभी शादी ही नहीं करेंगी। बाद में जब प्रियंका ने निक से शादी का फैसला किया तब उनकी मां मधु चोपड़ा ने चैन की सांस ली थी।
मां को लगने लगा था डर: हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में प्रियंका चोपड़ा ने अपनी शादी को लेकर तमाम बातें साझा की। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने निक से शादी के लिए हां कहा था, तब उनकी मां बेहद खुश हुई थीं। जाहिर तौर प्रत्येक भारतीय मां की तरह उन्हें भी अपनी बेटी की शादी का बेसब्री से इंतजार था।
एक्ट्रेस ने आगे बताया कि जब वह 30 साल की हुईं तो उनकी मां ने उन्हें प्रोडक्शन कंपनी खोलने के लिए कहा था। उनकी मां ने कहा था कि अब तुम्हारी उम्र बढ़ने के साथ तुम्हें काम मिलना मुश्किल हो जाएगा। हर कोई कम उम्र की एक्ट्रेस के साथ काम करना चाहता है। इसलिए अब हमें खुद का काम शुरू करना होगा। प्रियंका ने बताया कि अब शादी के बाद उनका ध्यान इस ओर से हट चुका है।
बता दें कि हाल ही में प्रियंका और निक को साथ में अच्छा समय बिताते देखा गया। दोनों अपने पेट्स के साथ सैन डिएगो के बीच पर घूमते नजर आए। सोशल मीडिया पर दोनों की तस्वीरें खूब वायरल हुईं।
तस्वीरों में प्रियंका ने सफेद टीशर्ट के साथ नीले रंग की जींस और काले रंग की जैकेट पहनी हुई है। वहीं, निक सफेद टीशर्ट और काले रंग की पैंट और जैकेट में नजर आ रहे हैं। दोनों हाथों में हाथ डाले चल रहे हैं।
बता दें कि प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस साल 2018 में शादी के बंधन में बंधे थे। कुछ दिन पहले दोनों के अलग होने की खबरें भी सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने लगी थी। प्रियंका ने सोशल मीडिया हैंडल से अपने नाम के आगे से पति का नाम हटा दिया था। हालांकि प्रिंयका ने अफवाहों पर विराम लगाते हुए कहा था कि उन्हें ये सब देखकर बहुत मजा आता है कि लोगों के लिए हर बात इतनी बड़ी बन जाती है।
अगर उनके काम की बात करें तो आखिरी बार प्रियंका को ‘द मैट्रिक्स रिसरेक्शन’ में देखा गया था। इस फिल्म में एक्ट्रेस ने सती का किरदार निभाया है। यह किरदार मूल रूप से 2003 में द मैट्रिक्स रिवोल्यूशन में एक बच्चे के रूप में चित्रित किया गया है।
इसमें कीनू रीव्स को नियो के रूप में भी दिखाया गया है, जबकि मॉर्फियस के रूप में याह्या अब्दुल-मतीन, ट्रिनिटी के रूप में कैरी-ऐनी मॉस हैं। बता दें कि प्रियंका अपने अगले प्रोजेक्ट ‘सिटाडेल’ में दिखाई देंगी। इस अमेरिकी शो को अमेजन प्राइम वीडियो के लिए पैट्रिक मोरन और रूसो भाइयों ने बनाया है। इसमें इटरनल स्टार रिचर्ड मैडेन भी हैं।
