अभिनेत्री पायल घोष ने कुछ महीनों पहले अनुराग कश्यप पर यौन शोषण का आरोप लगाया था। आज पायल ने ट्विटर पर कहा कि एफआईआर दर्ज़ होने के चार महीने हो गए और अब तक अनुराग कश्यप पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि जांच आगे बढ़ सके, इसके लिए क्या उन्हें अपनी जान देनी होगी।

पायल ने अपने ट्विटर पर लिखा, ‘4 महीने हो गए और मेरे सबूत देने के बावजूद भी अनुराग कश्यप के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है। जांच आगे बढ़ सके, इसके लिए क्या मुझे अपनी जान देनी होगी?’ पायल ने इसी के साथ ही एक और ट्वीट किया है जिसमें उन्होंने लिखा, ‘कुछ वक्त गुजर गया और अभी तक मुंबई पुलिस ने अपना बेस्ट काम नहीं दिखाया है। ये मेरा विनम्र निवेदन है। ये एक महिला का मुद्दा है और हमें इस बात को ध्यान रखना चाहिए कि हम किस तरह के उदाहरण सेट कर रहे हैं।’

आपको बता दें कि इसी साल सितंबर में पायल घोष ने सोशल मीडिया के जरिए अनुराग कश्यप पर यह आरोप लगाया था कि उन्होंने 2013 में उनका शारीरिक शोषण किया था। अभिनेत्री ने अनुराग कश्यप के खिलाफ 22 सितंबर को वर्सोवा पुलिस स्टेशन में एक एफआईआर दर्ज़ करवाया। अपनी शिकायत में पायल ने पुलिस को बताया कि 2013 में वर्सोवा में यारी रोड की एक जगह पर अनुराग कश्यप ने उनका रेप किया था।

 

अनुराग कश्यप ने इन सभी आरोपों को खारिज किया था और उनकी वकील प्रियंका खिमानी ने एक बयान में कहा था, ‘मेरे क्लाइंट अनुराग कश्यप को इन झूठे आरोपों से तकलीफ़ हुई है। यह बिल्कुल गलत, बेईमान और अपमानजनक आरोप है।’ वकील ने आगे कहा था कि इस आरोप के जरिए मी टू मूवमेंट की सार्थकता और विश्वसनीयता को कम किया जा रहा है।

अनुराग के समर्थन में उनकी दो पूर्व पत्नियां आरती बजाज और कल्कि कोचलिन भी आईं थीं और उन्होंने कहा था कि अनुराग औरतों का सम्मान करते हैं, वो ऐसा कभी कुछ नहीं कर सकते। दोनों ने आरोपों से लड़ रहे अनुराग कश्यप का हौसला बढ़ाया था। फिलहाल अनुराग कश्यप अपनी आनेवाली फिल्म, ‘AK vs AK’ को प्रोमोट कर रहे हैं। इस फिल्म में वो अनिल कपूर के साथ नज़र आने वाले हैं।