बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने आत्महत्या कर ली है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सुशांत के नौकर ने उनके आत्महत्या की जानकारी पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि सुशांत लंबे वक्त से डिप्रेशन में थे। आपको बता दें कि इसी हफ्ते ही सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान ने भी बिल्डिंग से कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। दिशा सालियान ने कथित तौर पर 14 वीं मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जान दे दी थी। पुलिस इस मामले की जांच कर ही रही थी कि अब सुशांत सिंह राजपूत के भी सुसाइड की खबर आई है।
बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत की उम्र सिर्फ 34 साल थी। वह भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की बायोपिक में काम कर चर्चा में आए थे। टीवी से अपने करियर की शुरुआत करने वाले सुशांत ने फिल्मों में भी अपने जबरदस्त अभिनय से लोगों का दिल जीता था। फिल्म ‘काई पो छे’ से अपने फिल्मी सफर की शुरुआत करने वाले एक्टर राबता, छिछोरे, पीके जैसी कई शानदार फिल्मों का हिस्सा रह चुके थे।
आपको बता दें कि सुशांत मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे। उनके पिता सरकारी नौकरी में थे। उनकी चार बहनें हैं। एक बहन मीतू सिंह राज्य स्तर पर क्रिकेट खेल चुकी हैं। साल 2000 की शुरुआत में परिवार दिल्ली में बस गया था। गौरतलब है कि एम एस धोनी की बायोपिक में काम करते वक्त सुशांत सिंह उनके काफी करीब आ गए थे और कई बार सार्वजनिक जगहों पर वो धोनी और उनके परिवार के साथ नज़र आते थे।
सुशांत सिंह राजपूत ने टीवी के जरिए लोकप्रियता हासिल कर बड़े पर्दे पर अच्छा मुकाम बनाया था। ‘पवित्र रिश्ता’ टीवी सीरियल में अपने किरदार से वह खूब लोकप्रिय हुए। इसके बाद वह धीरे-धीरे सफलता की सीढ़ियां चढ़ते गए। महेंद्र सिंह धोनी की बायोपिक में धोनी की भूमिका निभा कर खूब तारीफ बटोरी। इसके अलावा पिछले साल आई उनकी फिल्म छिछोरे को क्रिटिक्स द्वारा काफी सराहा गया था। खास बात ये है कि इस फिल्म की कहानी जिंदगी से हारकर सुसाइड न करना जैसे मुद्दे के इर्द-गिर्द की ही थी और अब अचानक सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या से बॉलीवुड और उनके प्रशंसक हैरान हैं।