Bigg Boss Ott 2 विनर एल्विश यादव इस वक्त रेव पार्टी मामले में फंसे हुए हैं। उन पर रेव पार्टियों में जहरीले सांप और विदेशी लड़कियां सप्लाई करने का आरोप है। हालांकि एल्विश ने एक वीडियो शेयर कर खुद पर लगे आरोपों को निराधार बताया है। इसी बीच एक्टर प्रकाश राज ने एल्विश यादव की आड़ में भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधा है। उन्होंने X (पूर्व में ट्विटर) पर बीजेपी के नेताओं के साथ एल्विश यादव की तस्वीरें शेयर करते हुए कटाक्ष किया है।

प्रकाश राज ने एक यूजर का ट्वीट शेयर किया है। जिसमें एल्विश यादव की स्मृति ईरानी, मोहन लाल खट्टर, निर्मला सीतारमण की तस्वीरें शेयर की गई हैं। तस्वीरों के साथ लिखा है,”यहां देखने जैसा कुछ नहीं है। बस एक जहर सप्लायर के साथ कुछ भाजपा नेता।” इस ट्वीट को शेयर करते हुए प्रकाश राज ने लिखा, “इसमें कोई आश्चर्य नहीं कि वे इतना जहर उगलते हैं। #justasking

यूजर्स की प्रतिक्रिया

प्रकाश राज के ट्वीट पर तमाम लोगों ने कमेंट्स किए हैं। तमाम लोग एल्विश के खिलाफ गुस्सा जाहिर कर रहे हैं। शिल्पा परिहार ने लिखा, “जब किसी इंसान को जरूरत से ज्यादा शोहरत मिल जाती है तो उसका दिमाग हिल जाता है। एल्विस यादव उसी में से एक है।”  बिट्टू शर्मा नाम के यूजर ने लिखा, “जहर फैलाने वाले के साथ आपको भाजपई जरूर नजर आएंगे।” प्रीतेश कपाड़िया नाम के यूजर ने प्रकाश राज को घेरते हुए लिखा, “जहर फेंकने की बात कह कौन रहा है।” निशांत नाम के यूजर ने लिखा, “इसमें हैरानी की बात नहीं है, आप आसमान में थूकते हो तो थूक आपके चेहरे पर ही आता है।”

क्या है मामला?

दरअसल एनिमल वेलफेयर एनजीओ ने पुलिस के साथ मिलकर एक रेव पार्टी का भंडाफोड़ किया है। ये पार्टी नोएडा में हो रही थी। इस पार्टी में ड्रग्स के लिए जहरीले सांपों का जहर सप्लाई करने और विदेशी लड़कियां बुलवाने के लिए एल्विश यादव का नाम सामने आया है। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज है और नोएडा पुलिस उन्हें तीन राज्यों में ढ़ूढ रही है।