एक्टर-डायरेक्टर अरविंद जोशी का 84 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। बॉलीवुड एक्टर शरमन जोशी के पिता अरविंद जोशी ने मुंबई के नानावती अस्पताल में आखिरी सांस ली। उनका अंतिम संस्कार विले पार्ले में स्थित शमशान घाट में किया गया। इस बारे में फिल्म एनलेस्ट कोमल नेहता ने ट्वीट कर जानकारी दी।

उन्होंने अपने पोस्ट में शरमन जोशी संग पिता अरविंद की फोटो शेयर कर कैप्शन में लिखा- दिग्गज एक्टर और डायरेक्टर ऑफ गुजराती थिएटर अरविंद जोशी गुजर गए हैं। उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया है। खबरों के मुताबिक अरविंद जोशी को 29 जनवरी की सुबह मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें किसी भी तरह की कोई बीमारी या परेशानी नहीं थी। शरमन जोशी के पिता अरविंद जोशी जाने माने गुजराती डायरेक्टर रह चुके हैं।

उन्होंने फिल्म शोले , इत्तेफाक और अपमान की आग जैसी फिल्मों मे भी काम किया। इन फिल्मों में वह मुख्य भूमिका में नजर आए थे। हिंदी सिनेमा के अलावा उन्होंने गुजराती थिएटर को हमेशा थामे रखा। बताते चलें अरविंद जोशी के दो बच्चे हैं एक शरमन जोशी और दूसरी बेटी-मानसी जोशी।

बता दें, अरविंद जोशी की बहन सरिता जोशी भी एक मशहूर एक्ट्रेस हैं। वहीं बेटे शरमन जोशी भी अपने फिल्मी करियर में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं बेटी मानसी जोशी भी एक टीवी एक्ट्रेस हैं। इसके अलावा मानसी जोशी के पति रोहित रॉय हैं जो कि टीवी और फिल्मों के जाने माने अभिनेता हैं।