बॉलीवुड सिंगर अभिजीत भट्टाचार्य (Abhijeet Bhattacharya) अपनी बेहतरीन गायिकी के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने 90 के दशक में कई बेहतरीन फिल्मों के लिए गाने गाए। वो शाहरुख खान और सलमान खान के गानों के लिए अपनी बेहतरीन आवाज दे चुके हैं। ऐसे में पिछले कुछ दिनों से सिंगर अपनी बेबाकी को लेकर चर्चा में हैं। ऐसे में अब उन्होंने रणबीर कपूर का बिना नाम लिए राम मंदिर के उद्घाटन में बुलाए जाने पर तंज कसा है। अभिजीत ने बॉलीवुड ठिकाना से बात करते हुए कहा कि जब राम मंदिर का उद्घाटन हुआ तो बीफ खाने वाले को आमंत्रित किया गया था और फिर गौ को माता कहते हैं।

दरअसल, रणबीर कपूर ने गौमांस खाने के बारे में रणबीर कपूर ने 2011 में कमेंट किया था, जो कि काफी वायरल हुआ था। 2022 में फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ के प्रमोशन के दौरान भी ये बात सामने आई थी, जिसके कारण बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विराोध भी किया था। कार्यकर्ताओं की ओर से आपत्तिजनक बताया गया था और रणबीर कपूर-आलिया भट्ट को उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में एंट्री करने से रोक की मांग की थी।

आपको बता दें कि राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह में अमिताभ बच्चन, कटरीना कैफ, विक्की कौशल, आलिया भट्ट और आयुष्मान खुराना सहित कई बॉलीवुड सितारों ने हिस्सा लिया। इस लिस्ट में रणबीर कपूर का नाम भी शामिल है।

फिल्म ‘बेशरम’ को लेकर क्या बोले अभिजीत?

इसके साथ ही अभिजीत ने 2013 में आई फिल्म ‘बेशरम’ में अपने गाने ‘दिल का जो हाल है’ के बारे में बात करते हुए फिल्म इंडस्ट्री की आलोचना की। उन्होंने बेबाक अंदाज में भगवान का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि वो इस युग के गायक नहीं हैं।

सिंगर ने आगे कहा था कि उन्होंने एक सुपर फ्लॉप फिल्म में ‘दिल का जो हाल है’ गाया था। ये हिट नहीं रहा था। अभिजीत ने कहा कि इस गाने के बारे में कोई नहीं जानता है। अगर इसे बजाया जाए तो पता चल जाएगा कि इसे किसने गाया है। उन्होंने कहा कि अगर सबसे फ्लॉप गाना भी बजता है तो भी लोगों को पता चल जाएगा कि वो गाना किसका है। अभिजीत ने गाने को लेकर कहा कि ये प्रॉपर्टी म्यूजिक कंपनी की है। उनके पास अधिकार है और उन्हें इसके लिए रॉयल्टी नहीं मिलती। उन्होंने कहा कि हर किसी के पास कान होते हैं और जो आवाज कानों और दिलों तक जाती है वो उनकी ही है।

वहीं, रणबीर कपूर स्टारर फिल्म ‘बेशरम’ के बारे में बात करें तो इसका निर्देशन अभनव कश्यप ने किया था। इसमें रणबीर के साथ पल्लवी शारदा, ऋषि कपूर और नीतू कपूर अहम रोल में थे। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप तो रही थी साथ ही इसकी अलोचना भी काफी की गई थी।

अभिजीत भट्टाचार्य ने इसके पहले महात्मा गांधी को लेकर विवादित बयान दिया था, जिसके बाद वो चर्चा में आ गए थे। उन्होंने महात्मा गांधी को ‘पाकिस्तान का पिता’ कहा था। इसके बाद इस बयान पर विवाद खड़ा हो गया था।