पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी अभी से अपनी कमर कस चुकी है। सोमवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ऐलान किया कि अगर राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार जीतती है तो राज्य में 300 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी। इसी ऐलान पर आप सांसद संजय सिंह ने एक ट्वीट कर कहा कि पार्टी ने दिल्ली में जो वादें किए, वो निभाए और पंजाब में अगर सरकार बनती है तो सबसे पहले बिजली फ्री किया जाएगा। आम आदमी पार्टी के इस ऐलान पर मशहूर कवि और आम आदमी पार्टी के नेता रहे कुमार विश्वास ने तंज़ किया है।
संजय सिंह ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘दिल्ली में जो वादा किया था वो पूरा किया। फ्री पानी, फ्री बिजली, फ्री बस यात्रा, फ्री WIFI, CCTV कैमरे, पेंशन 2 गुना आदि। पंजाब में सरकार बनेगी तो पहली कलम से- 300 यूनिट बिजली माफ कर दी जाएगी। पुराने बिजली के बिल माफ कर दिए जाएंगे।’
आम आदमी पार्टी के इस ऐलान पर तंज़ करते हुए कुमार विश्वास ने समाचार एजेंसी एएनआई का एक ट्वीट रीट्वीट किया है जिसमें यमुना नदी में प्रदूषण को दिखाया गया है। समाचार एजेंसी के ट्वीट में एक वीडियो संलग्न है जो यमुना नदी का है। नदी के सतह पर जहरीला फोम तैरता हुआ दिख रहा है।
दिल्ली में जो वादा किया था वो पूरा किया, फ्री पानी, फ्री बिजली, फ्री बस यात्रा, फ्री WIFI, CCTV कैमरे, पेंशन 2 गुना आदि।
पंजाब में सरकार बनेगी तो पहली कलम से– 300 Unit बिजली माफ कर दी जाएगी।
– पुराने Bijli के Bill माफ कर दिए जाएंगे!#KejriwalDiGuarantee— Sanjay Singh AAP (@SanjayAzadSln) June 29, 2021
दिल्ली के कालिंदी कुंज में यमुना में जहरीले झाग पर कुमार विश्वास ने तंज़ किया, ‘यमुना जी में तीन सौ यूनिट फ्री बिजली तैरती हुई।’
यमुना जी में तीन सौ यूनिट फ़्री बिजली तैरती हुई https://t.co/4PmzbfeVaE
— Dr Kumar Vishvas (@DrKumarVishwas) June 29, 2021
यमुना नदी की सतह पर इस तरह के जहरीले झाग के वीडियोज आते रहते हैं जिसे लेकर अरविंद केजरीवाल सरकार पर सवाल भी उठाए जाते हैं। नदी में प्रदूषण को रोकने को लिए विशेषज्ञों और नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने कई योजनाएं भी बनाई हैं, लेकिन यमुना नदी में प्रदूषण घटता नहीं दिख रहा।
बहरहाल, कुमार विश्वास के ट्वीट पर ट्विटर यूजर्स की भी खूब प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। विवेक शर्मा नाम के एक यूजर ने कुमार विश्वास की आड़े हाथों लेते हुए उन्हें जवाब दिया, ‘गंगा नदी में 15 लाख तैर रहे हैं। सबकी दोष दीजिए, सिर्फ उन्हें नहीं जिन्होंने आपको धोखा दिया। कृपया एक साफ़ सुथरा गेम खेलिए।’
सीमा चौधरी ने कुमार विश्वास को जवाब दिया, ‘दिल्ली तो लंदन बन गई अब, पंजाब को भी दिल्ली बनाएंगे।’ प्रमिला नाम की एक यूजर ने लिखा, ‘यमुना को डूबकर मरने लायक भी नहीं छोड़ा।’
रजत नाम के एक यूजर ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कुमार विश्वास को जवाब दिया, ‘हमने दिल्ली की तस्वीर बदल दी है जी। पहले बादल बस आसमान में होते थे पर अब जमीन पर भी आप दिल्लीवासियों को दिखाने में सफल हुए हैं। इस श्वेत अवसर को युगों में देखने का सौभाग्य प्राप्त होता है।’
कुमार विश्वास अक्सर अरविंद केजरीवाल की सरकार पर निशाना साधते रहते हैं। हाल ही में उन्होंने अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधा था हालांकि बाद में उन्हें अपने बयान के लिए माफी मांगनी पड़ी थी।
हालिया दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान भी कुमार विश्वास ने अरविंद केजरीवाल पर तंज़ किया था जिसके बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें ट्रोल कर दिया था। उन्होंने बिना नाम लिए अरविंद केजरीवाल को बौना कहा था।

