आईसीसी की ओडीआई रैंकिंग में भारतीय क्रिकेट टीम को नंबर एक के पायदान पर पहुंचाने वाले विराट कोहली ने हाल ही में एक चैट शो में हिस्सा लिया। इस शो को कोई और नहीं बल्कि बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान होस्ट कर रहे थे। ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका की टीम को हराने वाले कोहली ने इस शो में अपनी जिंदगी और अपनी डियर अनुष्का शर्मा के बारे में काफी राज खोले। कथित लवबर्ड्स विराट कोहली और अनुष्का शर्मा को पपरांजी सबसे ज्यादा फॉलो करते हैं। दोनों सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले और मीडिया फ्रेंडली कपल हैं। हालांकि दोनों ने पब्लिक में कभी भी अपने रिश्ते को स्वीकार नहीं किया है। लेकिन पिछले काफी समय से दोनों के प्यार में होने की बातें सामने आती रही हैं।

विराट और अनुष्का को साथ में कई जगहों पर देखा जाता है। पत्रकार समीर अलाना के अनुसार मुंबई में शूट हुए चैट शो में विराट कोहली ने अनुष्का शर्मा के साथ अपने रिश्तों को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासा किए। सवाल जवाब राउंड के दौरान आमिर ने कोहली से पूछा कि उन्हें अनुष्का के बारे में क्या पसंद और क्या नापसंद है। इसके जवाब में क्रिकेटर ने कहा मुझे अनुष्का के बारे में जो चीज पसंद है वो ये है कि वो बहुत ज्यादा ईमानदार और केयरिंग हैं। अपनी लेडीलव के बारे में जो चीज विराट को बिल्कुल नापसंद है वो है एक्ट्रेस का लेट आना। उन्होंने कहा- जब भी हम मिलने का प्लान करते हैं वो लेट आती हैं। वो हर बार 10-15 मिनट लेट हो जाती हैं।

भारतीय टीम के कप्तान ने स्वीकार किया कि उन्हें बेहतर इंसान बनाने का श्रेय अनुष्का को दिया जाना चाहिए। कोहली ने बताया कि उन्हें आमिर खान की फिल्म जो जीता वही सिकंदर, 3 इडियट्स और पीके काफी पसंद हैं। शो की शूटिंग खत्म होने के बाद आमिर खान इस्तांबुल चले गए। उन्होंने ट्विट करके कहा- इस्तांबुल जाने वाले जहाज में हूं। अपनी तुर्की यात्रा को लेकर तत्पर हूं।

हाल ही में आई खबर के अनुसार विराट-अनुष्का शादी से पहले एकसाथ बिजनेस करना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने रियल एस्टेट में पैसा भी लगाया है। मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो इस जोड़ी ने दिल्ली में एक प्रॉपर्टी खरीदी है। इतना ही नहीं वो इस प्रॉपर्टी पर एक रेस्तरां खोलने का विचार कर रहे हैं।