‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ बॉलीवुड की एक ऐसी फिल्म है जिसने सफलता के तमाम प्रतिमान स्थापित किये। 25 सालों बाद आज भी लोग इस फिल्म को उसी उत्साह से देखते हैं। 1995 में रिलीज़ हुई इस बेमिसाल फ़िल्म के आज 25 साल पूरे हो गए है। इस फिल्म ने पहली बार भारतीय सिनेमा के पर्दे पर एक एनआरआई के भावनाओं को दर्शाया जो दर्शकों को छू गया। फिल्म ने भारतीय सिनेमा को सबसे ज़्यादा पसंद की जाने वाली जोड़ी – काजोल और शाहरुख तो दी ही साथ ही इसके बाकी कलाकार भी बहुत लोकप्रिय हुए। आज 25 सालों बाद इसके कलाकार क्या कर रहे हैं और वो कहां हैं, आइए जानते हैं-
काजोल (सिमरन सिंह) – इस फ़िल्म ने काजोल को बॉलीवुड की ए- लिस्ट की अभिनेत्रियों में शामिल करा दिया था और वो एक के बाद एक कई हिट फ़िल्में देती गईं। उन्होंने इस फ़िल्म के बाद कुछ-कुछ होता है, कभी खुशी कभी गम, फना, माई नेम इज खान जैसी फिल्में दीं। वे अभी भी एक्टिव हैं।
शाहरुख खान (राज मल्होत्रा)- शाहरुख खान को इस फिल्म ने बॉलीवुड का सबसे रोमांटिक और सफल चेहरा बना दिया जो आज भी कायम है। डीडीएलजे के बाद उनकी सफलता पर कभी ब्रेक नहीं लगा और वो अब भी बॉलीवुड के बेताज बादशाह बने हुए हैं। उनकी कुछ बेहद लोकप्रिय फिल्में हैं – कुछ – कुछ होता है, कभी खुशी कभी गम, मोहब्बतें, देवदास, दिलवाले, कल हो न हो, स्वदेश, वीर जारा, रईस आदि।
अमरीश पुरी (बलदेव सिंह) – फिल्म में काजोल के पिता के रोल में नजर आए अमरीश पुरी ने अपने विलेन वाले किरदारों से उलट एक अलग रोल किया जो बहुत पसंद किया गया। उनका डायलॉग, ‘जा सिमरन जा, जी ले अपनी ज़िन्दगी’ आज भी लोगों के बीच बहुत मशहूर है। अमरीश पुरी ने उसके बाद जीत, घातक, कोयला, बादशाह, नायक, ऐतराज़ जैसी शानदार फिल्में की। साल 2005 में बॉलीवुड के इस सबसे लोकप्रिय विलेन का निधन हो गया।
फरीदा जलाल (लाजवंती सिंह, लज्जो)- काजोल की मां की भूमिका में नजर आईं फरीदा जलाल ने डीडीएलजे के बाद जुदाई, दिल तो पागल है, कुछ कुछ होता है, जुबैदा जैसी फिल्में की। उन्होंने टेलीविजन जगत में भी अपना नाम कमाया जिसमें उनके कुछ लोकप्रिय शो हैं, शरारत, बालिका वधू।
अनुपम खेर (धरमवीर मल्होत्रा)- अनुपम खेर ने डीडीएलजे के बाद कई बड़ी फिल्मों में काम किया जैसे बड़े मियां छोटे मियां, दुल्हन हम ले जाएंगे, स्पेशल 26, द एक्सिडेंटल प्राइम मिनिस्टर आदि। उन्होंने कई विदेशी फिल्मों में भी काम किया। ब्रिटिश टीवी शो ‘द बॉय विथ द टोपनोट’ और अमेरिकन टीवी शो ‘न्यू एम्स्टर्डम’ का भी हिस्सा रहे।
पूजा रूपारेल (छुटकी) – काजोल की छोटी बहन छुटकी यानि राजेश्वरी सिंह का किरदार निभाने वाली पूजा रूपारेल आज फिल्मों से ज़्यादा थियेटर में एक्टिव हैं। उन्होंने डीडीएलजे के बाद एक्स, पास्ट इज़ प्रेजेंट जैसी फिल्में की। पूजा ने स्टैंड अप कॉमेडी और सिंगिंग में भी हाथ आजमाए।
परमीत सेठी (कुलजीत)- डीडीएलजे के बाद परमीत ने लक्ष्य, दिल धड़कने दो, लैला मजनू जैसी फिल्में की। उन्होंने 2010 में एक फिल्म, ‘बदमाश कंपनी’ डायरेक्ट भी की। अब वो वेब सीरीज जैसे, ‘Special OPS’ और ‘हंड्रेड’ के जरिए अपनी पहचान बना रहे हैं।