120 Bahadur Trailer Out: पिछले काफी समय से फरहान अख्तर स्टारर फिल्म ‘120 बहादुर’ सुर्खियों में बनी हुई है और लोगों को भी इसके रिलीज होने का बड़ी बेसब्री के साथ इंतजार है। इसी बीच अब मेकर्स ने फिल्म का ट्रेलर जारी कर दिया है। फिल्म में भारत-चीन के बीच हुई 1962 वॉर की स्टोरी दिखाई देने वाली है, जिसमें हमारे 120 सैनिकों ने चीन के 3000 दुश्मन सैनिकों से लड़ाई लड़ी। इसमें फरहान ने मेजर शैतान सिंह का किरदार निभाया है।
क्या दिखाया गया है ट्रेलर में
2 मिनट 48 सेकेंड के ट्रेलर की शुरुआत बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की दमदार आवाज के साथ होती है। वह हमें बताते हैं कि कभी वो दिन थे जब भारत ने चीन को अपना पड़ोसी नहीं बल्कि भाई माना था, लेकिन 1962 में पता चला की ये भाईचारे की भावना दोनों तरफ से नहीं थी, ये हमला एक विश्वासघात था। इसके बाद फरहान अख्तर की एंट्री होती हैं, जो चार्ली कंपनी के मेजर शैतान सिंह भाटी का रोल निभाते हुए नजर आते हैं।
फिल्म ‘120 बहादुर’ साहस, बलिदान और निस्वार्थ वीरता की कहानी को और रोमांचक बना देने वाली है। पहले ही फ्रेम से ट्रेलर अपने ग्रैंड सीन और मिशन से दर्शक को बांध लेता है। ट्रांजिशन बेहतरीन हैं, बैकग्राउंड स्कोर गरजदार है और भावनाएं दिल को छू लेने वाली हैं, जिससे यह सिर्फ ट्रेलर नहीं बल्कि एक ऐसा अनुभव बन जाता है जो लंबे समय तक याद रहेगा।
‘120 बहादुर’ की स्टार कास्ट
खास बात ये रही कि रॉकिंग स्टार यश ने एक दिल छू लेने वाले नोट के साथ ‘120 बहादुर’ के ट्रेलर को लॉन्च किया। बता दें कि इसमें राशि खन्ना, स्पर्श वालिया, विवान भटेना, धनवीर सिंह, दिग्विजय प्रताप, साहिब वर्मा, अंकित सिवाच, देवेंद्र अहिरवार, आशुतोष शुक्ला, बृजेश करनवाल, अतुल सिंह और वरिष्ठ अधिकारी अजिंक्य देव व एजाज खान नजर आने वाले हैं।
कब रिलीज होगी फिल्म?
डायरेक्टर रजनीश ‘रेजी’ घई द्वारा निर्देशित और रितेश सिद्धवानी, फरहान अख्तर (एक्सेल एंटरटेनमेंट) और अमित चंद्रा (ट्रिगर हैप्पी स्टूडियोज) द्वारा प्रोड्यूस की गई फिल्म ‘120 बहादुर’ सिनेमाघरों में 21 नवंबर, 2025 को रिलीज हो रही है।
