आरती सक्सेना

ऐसे में कहना गलत न होगा कि एक समय में सबसे छोटा माध्यम कहलाने वाला ओटीटी मंच आज सिनेमा और टीवी को मात दे रहा है। आज के समय में ओटीटी की मांग इतनी बढ़ रही है कि 2022 तक 40 से 50 ओटीटी मंच पहले से चल रहे थे, अब 2023 में और 10 से 12 ओटीटी मंच की शुरुआत करने की योजना है। 13 करोड़ ग्राहक पहले से हैं।

2023 में ओटीटी का जोर आमदनी बढ़ाने पर है। फिलहाल ओटीटी और ज्यादा बाजार बढ़ाने पर काम कर रहा है। जिसके तहत उनका केंद्र छोटे और मध्य शहरों में दर्शक बढ़ाने की कोशिश है। 2023 को लेकर भी ओटीटी में कई नई वेब शृंखलाएं और प्रसिद्ध कलाकार धमाका करने वाले हैं। इसी सिलसिले में पेश है एक रिपोर्ट…

वर्ष 2023 में नेटफ्लिक्स, अमेजन प्राइम वीडियो, डिजनी प्लस हाटस्टार ,जी 5 समेत कई मंचों पर धमाकेदार वेब शृंखलाओं का प्रदर्शन होने जा रहा है, जिसमें रोहित शेट्टी जैसे बड़े फिल्म निर्देशक भी इंडियन पुलिस फोर्स नामक वेब शृंखला के जरिए ओटीटी पर प्रवेश करने जा रहे हैं। इस वेब शृंखला की कहानी एक ऐसे पुलिस अधिकारी की है जो घातक बम विस्फोट के पीछे मुख्य आतंकवादी की तलाश करता है और उसे सजा दिलाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है। इस शृृंंखला में सिद्धार्थ मल्होत्रा और शिल्पा शेट्टी अहम भूमिका में नजर आएंगे। यह शृंखला अमेजन प्राइम वीडियो में दिखाई जाएगी।

संजय लीला भंसाली नेटफ्लिक्स पर मंडी की कहानी लेकर आ रहे हैं जो आजादी के पहले कोठों की सियासत पर आधारित है। अमेजन प्राइम पर मिर्जापुर सीजन 3 जल्दी प्रदर्शित होगी। इसी तरह मनोज बाजपेई अभिनीत वेब शृृंंखला फैमिली मैन सीजन 3 अमेजन प्राइम वीडियो पर दिखाई जाएगी। पाताल लोक सीजन 2 अमेजन प्राइम वीडियो पर 2023 में प्रदर्शित होगी।

निर्देशक हंसल मेहता मशहूर इतिहासकार रामचंद्र गुहा की किताब गांधी बिफोर इंडिया और गांधी द इयर्स देट चेंज द वर्ल्ड पर आधारित फिल्म राष्ट्रपिता महात्मा गांधी पर आधारित फिल्म लेकर आ रहे हैं। जिसमें प्रतीक गांधी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। इसके अलावा हंसल मेहता नेटफ्लिक्स पर अपराध संवाददाता जागृति पाठक के जीवन पर आधारित स्कूप नामक शृंखला लेकर आ रहे हैं। मेड इन हेवन सीजन 2 अमेजन प्राइम वीडियो पर जल्दी प्रदर्शित होगी।

2023 की शुरुआत में सिद्धार्थ मल्होत्रा, रश्मिका मदान अभिनीत मिशन मजनंू जनवरी में प्रदर्शित होगी। इसके अलावा सूरज बड़जात्या की अमिताभ बच्चन अभिनीत फिल्म ऊंचाई भी ओटीटी पर दिखाई जाएगी। दिलजीत दोसांझ और सरगुन मेहता अभिनीत पंजाबी फिल्म भांगड़ा पोंदे ओटीटी पर प्रदर्शित होगी। दिल्ली के उपहार सिनेमा में हुए अग्निकांड पर बनी वेब शृंखला जो सच्ची घटना पर आधारित है ,ट्रायल बाय फायर ओटीटी पर 13 जनवरी को प्रदर्शित होगी।

2023 का यह साल ओटीटी के लिए खास धमाकेदार होने वाला है। क्योंकि इस साल बालीवुड की प्रसिद्ध हस्तियां ओटीटी में प्रवेश करने जा रही हैं। वरुण धवन अमेजन प्राइम वीडियो पर प्रदर्शित होने वाली वेब शृंखला सिटाडेल इंडिया में अपने खास अंदाज में नजर आएंगे। शिल्पा शेट्टी और सिद्धार्थ मल्होत्रा निर्देशक रोहित शेट्टी की वेब शृंखला इंडियन पुलिस फोर्स में अभिनय करते नजर आएंगे।

जया बच्चन अपने बेटे अभिषेक बच्चन के बाद ओटीटी पर पदार्पण करने जा रही हैं। जया बच्चन वेब शृंखला सदाबहार में अभिनय करती नजर आएंगी। प्रसिद्ध यूट्यूबर भुवन बाम ताजा खबर वेब शृंखला के जरिए ओटीटी पर पदार्पण करेंगे। काजोल नए साल में अमेरिकी कोर्टरूम ड्रामा शृंखला द गुड वाइफ के हिंदी संस्करण में नजर आएंगी। अनन्या पांडे अमेजन प्राइम वीडियो की वेब शृंखला काल मी बे के जरिए ओटीटी में प्रवेश कर रही है।

यह वेब शृंखला करण जौहर के बैनर तले बन रही है। उर्मिला मातोंडकर काफी समय बाद ओटीटी पर वेब शृंखला तिवारी के जरिए अभिनय करती नजर आएंगी। दबंग अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा प्रसिद्ध निर्देशक रीमा कागती की वेब शृृंंखला दहाड़ में पुलिस अधिकारी की भूमिका में होंगी। यह शृंखला अमेजन प्राइम पर दिखाई जाएगी। ओटीटी मंच के लिए 2023 यादगार साल के रूप में उभर के आने वाला है। और इसका स्वरूप और ज्यादा निखर के आएगा।