पंजाब की जालंधर लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी की जीत हुई है। जीत के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि हम रुझानों में नहीं आते हम तो सीधा सरकार में आते हैं। इस सीट पर आप उम्मीदवार सुशील रिंकू मैदान में थे। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी करमजीत कौर चौधरी को शिकस्त दी है।

जीत के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने एक प्रेस कांफ्रेंस की। इस दौरान, उन्होंने जालंधर में जीत के लिए जनता को धन्यवाद कहा और पत्रकारों से बात की। मान ने कहा, “अभी हमारा वोट बैंक हमें भी नहीं पता कि कौन है। हम किसी सर्वे में नहीं आते हैं सीधा सरकार में ही आते हैं। कोई नहीं मान रहा था कि 67 आ जाएंगे, कोई नहीं मान रहा था कि 63 आ जाएंगे। कोई नहीं मान रहा था 92 आ जाएंगे।”

उन्होंने आगे कहा कि हर इलेक्शन का सिनेरियो अलग-अलग होता है और संगरूर में जो लोगों ने फैसला किया वो भी हमने सिर माथे लिया। वहां क्या कमियां रहीं, हम क्या नहीं कर पाए, उनसे सीखा और उन कमियों को दूर करने के लिए जालंधर में काम कर रहे हैं।

भगवंत मान ने कहा, “लोगों ने इन सबको नकार दिया और आम आदमी पार्टी की जो सरकार है उसके वर्कल्चर और ईमानदारी के फतवे को जिताया है। लगभग साढ़े 8 लाख से ज्यादा लोगों ने वोट किया और हम उम्मीदों पर पूरा उतरने की कोशिश करेंगे। इसको हम जिम्मेदारी समझेंगे कि जालंधर के लोगों की उम्मीदों पर पूरा उतर सकें।”

वहीं, कांग्रेस की तरफ से भी इस पर प्रतिक्रिया आई है। पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने जालंधर लोकसभा उपचुनाव में हार स्वीकार करते हुए कहा, “हम जनादेश को विनम्रतापूर्वक स्वीकार करते हैं, आप को बधाई देते हैं।” इस सीट पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) समर्थित शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के उम्मीदवार सुखविंदर कुमार सुखी और भारतीय जनता पार्टी के इंदर इकबाल सिंह अटवाल भी मैदान में थे। इस सीट के लिए उपचुनाव 10 मई को हुआ था। कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के जनवरी में निधन के कारण यह सीट खाली हो गई थी। करमजीत कौर कांगेस के दिवंगत नेता की पत्नी हैं। उपचुनाव में 19 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे।