Uttarakhand Exit Poll 2022: टाइम्स नाउ वीटो एग्जिट पोल के अनुसार उत्तराखंड में बीजेपी सत्ता बचाने में कामयाब रहेगी। वहीं एबीपी सी वोटर के एग्जिट पोल में कांग्रेस सत्ता में वापसी कर सकती है। आइए तमाम एग्जिट पोल के अनुमानों पर एक नजर डालते हैं।

Times Now-Veto Exit Poll- इसके अनुसार बीजेपी को राज्य में 37 सीटें मिल सकती हैं। वहीं कांग्रेस को 31 सीटें मिलने का अनुमान है। आप को एक सीट मिल सकती है। इसके अलावा अन्य के खाते में भी एक सीट जा सकती है।

ABP C-voter Exit Poll- एबीपी सी वोटर के एग्जिट पोल में अनुमान है कि कांग्रेस सत्ता में वापसी कर सकती है। इस पोल में कांग्रेस को 32 से 38 मिल सकती हैं। वहीं सत्ताधारी बीजेपी को इस पोल के हिसाब से 26 से 32 सीटें मिलती दिख रही हैं। आप की बात करें तो इस पोल के अनुसार 0 से 2 सीटों मिल सकती हैं। वहीं अन्य को 3-7 सीटें मिल सकती हैं।

India Today – Axis My India exit poll: इंडिया टुडे एक्सिस माय के एग्जिट पोल में उत्तराखंड में भाजपा सत्ता हासिल करती दिख रही है। इसके मुताबिक उसे 36 से 46 सीटें मिल सकती हैं। वहीं कांग्रेस 20 से 30, बसपा 2 से 4 सीटें पाती दिख रही है। वहीं अन्य के खाते में भी 2 से 5 सीटें जा सकती हैं।

Todays Chanakya exit Poll: इस पोल में भाजपा 43 सीटें जीत सकती हैं। अगर ऐसा हुआ तो भाजपा फिर से सत्ता पर काबिज होगी। वहीं कांग्रेस 24 सीटें जीतती दिख रही है। आप 0 से 2 और अन्य की झोली में तीन सीटें जा सकती हैं।

14 फरवरी को हुआ मतदान- उत्तराखंड के 13 जिलों की 70 विधानसभा सीटों पर 14 फरवरी को वोट डाले गए थे। इस दौरान 62 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पिछले चुनाव यानि कि 2017 में 65.56 फीसद मतदान हुआ था। उत्तर प्रदेश से अलग होने और राज्य बनने के बाद यह उत्तराखंड में पांचवां विधानसभा चुनाव है। पिछले चार विधानसभा चुनावों में दो बार कांग्रेस और दो बार भाजपा ने सरकार बनाई है। साल 2017 के चुनावों में भाजपा रिकॉर्ड जीत के साथ सत्ता में वापस आई थी। अगर इस बार भी भाजपा सरकार बनाती है तो ऐसा पहली बार होगा कि लगातार दूसरी बार कोई दल राज्य की सत्ता पर काबिज होगा। हालांकि, इस बार कांग्रेस और भाजपा में कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है। इसके अलावा आम आदमी पार्टी ने भी पूरी ताकत झोंक दी है।

2017 के चुनाव पर नजर- उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2017 में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया था। पार्टी ने राज्य के 70 सदस्यीय विधानसभा में 57 सीटें जीती थीं। कांग्रेस को केवल 11 सीटें मिली थीं और अन्य केवल दो पर विजयी हुए थे।

पिछली बार का एग्जिट पोल- सी वोटर ने अपने सर्वे में कांग्रेस और भाजपा दोनों को 32-32 सीटें मिलने का अनुमान लगाया था। टुडेज चाणक्य ने भाजपा को 53 और कांग्रेस को 15 सीटें मिलने का अनुमान जताया था। वहीं इंडिया टुडे के एक्जिट पोल में भाजपा को 46-53 और कांग्रेस को 12-21 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया था। एबीपी ने भाजपा को 34-42 और कांग्रेस को 23-29 सीटें मिलने का अनुमान जताया था।

क्या है एग्जिट पोल- वोट देने के बाद जब मतदाता मतदान स्थल से बाहर निकलते हैं तो मीडिया संगठन और सर्वे एजेंसी लोगों से सवाल करती है और डाटा इकट्ठा करती है। इसकी मदद से चुनाव परिणाम आने से पहले अनुमान लगाती है कि किसे कितनी सीटें मिल रही हैं और कौन सरकार बना रहा है? एक्जिट पोल गलत भी हो सकते हैं। चुनाव आयोग ने 10 फरवरी से 7 मार्च के बीच एग्जिट पोल जारी करने पर रोक लगा दी थी।