उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस का प्रचार करने हल्द्वानी पहुंची प्रियंका गांधी ने सीधे-सीधे पीएम मोदी पर बड़ा हमला बोल दिया। कांग्रेस महासचिव ने पीएम मोदी पर आरोप लगाते हुए कहा कि देश में वर्तमान में जो नीतियां बन रहीं हैं, वो पीएम के सिर्फ दो मित्रों के लिए है।

हल्द्वानी में प्रियंका गांधी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कि रोजगार देने वाली सरकारी कंपनियों को मोदी सरकार अपने उद्योगपति दोस्तों को बेचने जा रही है। उन्होंने कहा- “एक मित्र को पोर्ट्स, एयरपोर्ट दिए जा रहे हैं, दूसरे मित्र को पेट्रोलियम क्षेत्र सौंपा जा रहा है। प्रधानमंत्री के दो मित्रों के लिए पूरे देश की नीतियां चल रही हैं, नीतियां बन रही हैं”।

किसान आंदोलन को लेकर भी प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश के किसानों ने एक साल तक काले कानूनों के खिलाफ संघर्ष किया। तब सरकार का एक भी मंत्री या प्रधानमंत्री किसानों के पास नहीं गए। उनसे ये नहीं पूछा कि उनकी क्या समस्याएं हैं और इन्हें कैसे सुलझाया जाए?

इसके बाद प्रियंका गांधी उत्तराखंड के वर्तमान सीएम पुष्कर सिंह धामी पर भी जमकर हमला बोली। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के क्षेत्र में ही विकास का नामों निशान नहीं है। सड़कें खराब है। उन्होंने सीएम धामी पर निशाना साधते हुए कहा- “इस सरकार की नीति और नीयत देखिए, किस तरह से आपकी कमर तोड़ी है। किसान, छोटे व्यापारियों की कमर तोड़ी, युवाओं को एक भी रोजगार नहीं दिया। उत्तराखंड में 28 हजार सरकारी पद खाली पड़े हैं, क्या उनको 28 हजार युवा नहीं मिले”?

कोरोना काल को याद करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि जब केंद्र सरकार ने अचानक से लॉक डाउन लगा दिया था। बसें-ट्रेनें सबकुछ बंद कर दिए गए, तब कांग्रेस आई थी लोगों की मदद करने। उन्होंने कहा कि हमने खाने की व्यवस्था से लेकर बस तक की व्यवस्था की थी। प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस उस समय राजनीति नहीं कर रही थी, वो देश के प्रति अपना धर्म निभा रही थी।