उत्तराखंड की विधानसभा की एक दर्जन से ज्यादा सीटों पर राजनीति के सूरमाओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। राज्य की जनता की नजर राजनीति के दिग्गज नेताओं की इन सीटों पर टिकी है। इन नेताओं की हार और जीत सूबे की राजनीति की दिशा और दशा तय करेगी। वहीं, दूसरी और आधा दर्जन से अधिक जिन सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। राजनीतिक जानकारों की निगाहें इन सीटों पर टिकी हुई हैं।
जानकारों के मुताबिक चौबट्टाखाल, रानीखेत, श्रीनगर और डाईवाला विधानसभा सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों की हार या जीत सूबे की राजनीति के लिए बहुत अहम साबित होगी। दरअसल, इन चारो सीटों पर भाजपा के जो उम्मीदवार मैदान में हैं, वे सभी सत्ता की स्थिति में मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं।

चौबट्टाखाल से भाजपा के दिग्गज नेता पूर्व केंद्रीय मंत्री सतपाल महाराज, रानीखेत से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, डोईवाला से भाजपा के राष्टÑीय सचिव त्रिवेन्द्र सिंह रावत और श्रीनगर से संघ परिवार के नजदीकी और भाजपा के प्रदेश महामंत्री धन सिंह रावत चुनाव लड़ रहे हैं। रानीखेत में भाजपा के बागी उम्मीदवार के खड़े होने से अजय भट्ट की सीट चुनावी समीकरणों में फंसी है। अजय भट्ट की इस सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री भगत कोश्यारी की इज्जत भी दांव पर लगी है क्योंकि अजय का नाम मुख्यमंत्री पद के लिए उन्होंने आगे कर रखा है। वहीं, सितारगंज सीट पर कांग्रेस के बागी नेताओं के सूत्रधार विजय बहुगुणा की इज्जत दांव पर लगी है। इस सीट पर उनके बेटे सौरभ बहुगुणा चुनाव मैदान में है। बाजपुर सीट से कांग्रेस के बागी यशपाल आर्य और नैनीताल सीट पर उनके बेटे संजीव आर्य भाजपा के टिकट पर अपने वजूद को बचाने के लिए जूझ रहे हैं।

वहीं, रावत सरकार के मंत्रियों चकराता से प्रीतम सिंह, हल्द्वानी से इंदिरा ह्रदयेश, विकासनगर से नवप्रभात, टिहरी से दिनेश धनै, देवप्रयाग से मंत्री प्रसाद नैथानी, लालकुआं से हरीश चन्द्र दुर्गापाल, धर्मपुर से दिनेश अग्रवाल की प्रतिष्ठा दांव पर है। विधानसभा अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल जागेश्वर में कड़े मुकाबले में घिरे हैं। उत्तराखंड के वरिष्ठ विधायक हरबंस कपूर भाजपा से देहरादून सीट पर लड़ रहे हैं। मुकाबले में कांग्रेस के सूर्यकांत धस्माना लड़े। हरिद्वार में कांग्रेस के ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी भाजपा के उम्मीदवार और पूर्व मंत्री मौजूदा विधायक मदन कौशिक के मुकाबले में हैं।