एक सर्वे के मुताबिक उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनती हुई नजर आ रही है। न्यूज चैनल एबीपी न्यूज-लोकनीति-सीएसडीएस के सर्वे के मुताबिक उत्तराखंड में भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनने का आसार हैं। सर्वे के मुताबिक उत्तराखंड में भाजपा को 35 से 43 सीटें और कांग्रेस को 22 से 30 सीटें मिल सकती हैं। हालांकि, मुख्यमंत्री के रूप में हरीश रावत पहली पसंद बने हुए हैं।
सर्वे में बताया गया है कि 19 फीसदी लोग चाहते हैं कि हरीश रावत राज्य के मुख्यमंत्री बनें, वहीं 13 फीसदी लोग चाहते हैं कि बीसी खंडूड़ी मुख्यमंत्री बनें। सर्वे में साथ ही बताया गया कि भाजपा को 40 फीसदी और कांग्रेस को 33 फीसदी चुनाव मिल सकते हैं। सर्वे में बताया गया कि उत्तराखंड के गढ़वाल और मैदानी क्षेत्र में भाजपा और कुमाऊं में कांग्रेस लोगों को पसंद है।
एबीपी न्यूज-लोकमत-सीएसडीएस ने उत्तरप्रदेश विधानसभा के लिए ओपिनियन पोल करवाया था। इस सर्वे में किसी पार्टी को बहुमत मिलता नहीं दिख रहा। 141-151 सीटों के साथ समाजवादी पार्टी सबसे आगे है। जबकि भाजपा और सहयोगी दल 129-139 सीट जीतते नजर आ रहे हैं। बसपा को 93-103 सीटें मिलती दिख रही हैं, जबकि सर्वे के अनुसार, कांग्रेस को सिर्फ 13-19 सीटें मिलेंगी।
बता दें, चुनाव आयोग ने उत्तराखंड सहित पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान बुधवार किया है। उत्तराखंड में चुनाव 15 फरवरी को होंगे। इसके साथ ही चुनाव आयुक्त ने बताया कि यूपी में सात चरणों में चुनाव होंगे। गोवा और पंजाब में 4 फरवरी को वोटिंग होगी। मणिपुर में दो चरणों में चुनाव होंगे। पहली वोटिंग 4 मार्च और दूसरी वोटिंग 8 मार्च को होगी।
यूपी के पहले चरण में 15 जिलों की 73 विधानसभा सीटों पर 11 फरवरी को वोटिंग होगी। दूसरे चरण में 11 जिलों की 67 सीटों के लिए 15 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। तीसरे चरण में 69 सीटों पर 19 फरवरी को चुनाव होगा। चौथे चरण में 53 सीटों पर 23 फरवरी को चुनाव होगा। पांचवें चरण में 52 सीटों के लिए 27 फरवरी को तथा छठे चरण में 49 सीटों पर 4 मार्च को चुनाव होगा। सातवें चरण में 40 सीटों पर 8 मार्च को वोटिंग होगी। काउंटिंग 11 मार्च को होगी।

