समाजवादी पार्टी पर आधिकारिक रूप से कब्जा मिल जाने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव लगातार दूसरी बार सत्ता में आने के लिए धुआंधार प्रचार की योजना बना रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस बार वह इस काम में अपनी पत्नी का भी भरपूर सहयोग लेंगे। जिस तरह पिछले चुनाव में मुलायम सिंह यादव ने अखिलेश से लिया था। डिंपल यादव समाजवादी पार्टी की स्टार प्रचारक हो सकती हैं। वैसे समाजवादी पार्टी में पारिवारिक झगड़ा शुरू होने के कुछ दिन बाद ही डिंपल सोशल मीडिया के जरिए पति के सहयोग में उतर गई थीं। उन्होंने एक पेज बना कर अखिलेश का प्रचार करना और लोगों को उनके द्वारा किए गए काम के बारे में बताना शुरू किया था। बताया जाता है कि इस पेज की निगरानी डिंपल खुद करती हैं।
अखिलेश और डिंपल आजकल कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी साथ दिखाई देते हैं। हाल में उन्होंंने जो रथयात्रा की थी, उसमें भी उन्होंने डिंपल को साथ रखा था। बताया जाता है कि अखिलेश ने चुनाव प्रचार का पूरा खाका तैयार कर रखा है। प्रचार के लिए उन्होंने करीब डेढ़ दर्जन हेलिकॉप्टर बुक किए हैं। बताया जाता है कि इनमें से एक हेलिकॉप्टर डिंपल यादव के लिए भी है। बताया जाता है कि अखिलेश ने चुनावी तैयारियों के लिए 50 नेताओं की कोर टीम बनाई है। डिंपल इस टीम की भी अहम सदस्य बताई जा रही हैं। पार्टी का चुनाव घोषणापत्र तैयार करने में भी उनकी राय अहम हो सकती है।
(कन्नौज से सांसद डिंपल यादव अपने पति के साथ हर कदम पर दे रही है। कुछ दिन पहले फेसबुक के अधिकारियों ने अखिलेश यादव से मुलाकात की थी। उस दौरान भी डिंपल उनके साथ नजर आईं थी। डिंपल ने सोशल मीडिया पर अखिलेश के विजय अभियान पर पूरा फोकस कर रखा है।)
(नंवबर 2016 में उत्तर प्रदेश आई मॉरिशियस की राष्ट्रपति का शॉल ओढ़ा कर खुद डिंपल यादव ने उनका सम्मान किया था। इस दौरान अखिलेश भी मौजूद रहे।)
(यश भारती सम्मान के दौरान भी अखिलेश यादव के साथ दिखी पत्नी डिंपल यादव।)
(डिंपल यादव और अखिलेश यादव का युवाओं के बीच खासा क्रेस है। सितंबर में वाराणसी के छात्र नेताओं ने सीएम और उनकी पत्नी से मुलाकात की।)
(समाजवादी पेंशन योजना के उद्धाटन के दौरान अखिलेश यादव के साथ मंचासीन डिंपल यादव और फिल्म अभिनेत्री विद्या बालन।)
(सरकार के 4 साल पूरे होने पर अखिलेश और डिंपल यादव)
विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान के लिए समाजवादी पार्टी ने अपना आधिकारिक कैंपेन पेज ‘काम बोलता है’ (Kaam Bolta Hai) लॉन्च किया है। इस पेज के जरिए सरकार के कामों को जनता के सामने लाने की जिम्मेदारी भी डिंपल ने अपने कंधों पर उठा रखी है। इस पेज के जरिए सपा सरकार के 5 साल के कार्यों को जनता के सामने रखा जा रहा है।
2017
