उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दिन नजदीक आते ही सर्वे सामने आने लगे हैं। यूपी चुनाव के लिए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के गठबंधन के बाद दो नए सर्वे सामने आए हैं। इसमें से एक में बीजेपी को बहुमत मिला है। वहीं दूसरे में सपा-कांग्रेस की सरकार बनने के आसार दिखाए गए हैं।

एबीपी न्यूज-सीएसडीएस-लोकनीति के सर्वे में सपा-कांग्रेस की सरकार बनने के आसार – इस सर्वे के अनुसार समाजवादी पार्टी-कांग्रेस गठबंधन को 187 से 197 सीटें और 35 फीसदी वोट शेयर के साथ पूर्ण बहुमत मिल सकता है। इसके अलावा सर्वे में यह भी कहा गया है कि 26 फीसदी समर्थन के साथ अखिलेश यादव सीएम के रूप में लोगों की पहली पसंद हैं। दूसरे नंबर पर राजनाथ सिंह हैं। उन्हें तीन प्रतिशत लोगों का समर्थन मिला है। सपा-कांग्रेस के बाद दूसरे नंबर पर बीजेपी को बताया गया है। उसे सर्वेक्षण में 118 से 128 सीटें मिलने की बात कही गई है। सर्वे में यह भी कहा गया है कि नोटबंदी को 41 प्रतिशत लोगों ने सही बताया। इससे पहले दिसंबर में किये गये सर्वे में 35 प्रतिशत लोगों ने इस फैसले को सही बताया था।

टाइम्स नाऊ प्री पोल सर्वे – दूसरा सर्वे अंग्रेजी न्यूज चैनल टाइम्स नाऊ ने किया। इसमें दावा किया गया है कि यूपी में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी वह भी पूर्ण बहुमत के साथ। यह सर्वे टाइम्स नाऊ और वीएमआर ने मिलकर किया है। सर्वे के मुताबिक, बीजेपी को 34 प्रतिशत वोट के साथ राज्य की 403 सीटों में से 202 सीटें मिल सकती हैं।

यूपी में सात चरणों में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसके लिए पहले चरण की वोटिंग 11 फरवरी को होनी है। चुनाव के नतीजे 11 मार्च को आएंगे। यूपी के अलावा पंजाब, गोवा, उत्तराखंड, मणिपुर में विधानसभा चुनाव हैं। इसके अलावा मुंबई में नगर निगम के भी चुनाव होने हैं।