समाजवादी पार्टी ने उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपनी दो लिस्ट जारी कर दी हैं। लिस्ट के सामने आने के बाद कांग्रेस-सपा का होने वाले गठबंधन की खबरें ठंडे बस्ते में जाते दिख रही हैं। शुक्रवार को सपा की लिस्ट आने के बाद कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर नई दिल्ली से लखनऊ के कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। वहां पर कांग्रेस समर्थकों ने राहुल गांधी के समर्थन में नारे बाजी की। समर्थकों ने सपा के खिलाफ भी नारेबाजी की। इंडियन एक्सप्रेस को जानकारी मिली कि पार्टी दफ्तर में और उसके बाहर ‘राहुल तेरा अपमान नहीं सहेंगे’ के अलावा ‘जो ना हुआ बाप का…वो क्या होगा आप का’ जैसे नारे लग रहे थे।
हालांकि, बब्बर ने वहां मौजूद लोगों को शांत रहने के लिए कहा। राज बब्बर ने कहा कि गठबंधन पर आखिरी फैसला राहुल गांधी को ही लेना है समाजवादी पार्टी की लिस्ट पर बब्बर ने कहा कि सभी पार्टियों को अपनी लिस्ट जारी करने का अधिकार है।
गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी ने शुक्रवार (20 जनवरी) को अपनी दो लिस्ट जारी कीं। कुल मिलाकर सपा ने अपने 208 उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। इसमें से कई सीटें ऐसी हैं जहां पर कांग्रेस विजयी रही है और गठबंधन के ऐलान के बाद उसके उम्मीदवारों को टिकट मिलना था।
अखिलेश की लिस्ट में मुलायम सिंह यादव द्वारा सुझाए गए लगभग 12 नामों को काटा गया था। इसके अलावा चौंकाने वाला फैसला यह था कि अखिलेश ने अपने चाचा शिवपाल को टिकट दे दी। जबकि मुलायम ने उनके नाम की सिफारिश नहीं की थी।
इसके अलावा अखिलेश ने आजम खान के साथ-साथ उनके बेटे को भी टिकट दिया है। वहीं बाहुबली से नेता बने अतीक अहमद का टिकट काट दिया गया।