उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी-कांग्रेस गठबंधन को 187 से 197 सीटें और 35 फीसदी वोट शेयर के साथ पूर्ण बहुमत मिलने की संभावना है। यह बात एक सर्वेक्षण में सामने आई है।  एबीपी न्यूज-सीएसडीएस-लोकनीति की ओर से जनवरी में किए गए सर्वेक्षण में पाया गया कि सत्तारूढ़ सपा में पारिवारिक विवाद के बावजूद अखिलेश यादव 26 फीसदी समर्थन के साथ अगले मुख्यमंत्री का सबसे पसंदीदा चेहरा बने हुए हैं। मायावती 21 प्रतिशत लोगों की मुख्यमंत्री पद के लिए पहली पसंद हैं तो वहीं राजनाथ सिंह को तीन प्रतिशत लोगों ने पहली पसंद बताया है। उधर नोटबंदी की वजह से भाजपा के खिलाफ रुझान पूरी तरह नकारात्मक नहीं है और उसे सर्वेक्षण में 118 से 128 सीटें मिलने की बात कही गई है। सर्वे के मुताबिक नोटबंदी को 41 प्रतिशत लोगों ने सही फैसला बताया है। इससे पहलेदिसंबर में किये गये सर्वे में 35 प्रतिशत लोगों ने इस फैसले को सही बताया था।
सर्वे के मुताबिक बीजेपी को सवर्णों का पूरा समर्थन मिल रहा है। एसपी गठबंधन को यादव और मुस्लिम का भरपूर समर्थन प्राप्त है। दलितों में बीएसपी का क्रेज बरकरार है। सर्वे में सपा के पक्ष में 74 प्रतिशत मुसलमान दिखाई दे रहे हैं। तो वहीं बसपा और बीजेपी के पक्ष में 11 प्रतिशत मुसलमान जाते दिख रहे हैं।  चुनाव की दौड़ में तीसरी सबसे प्रमुख पार्टी बसपा है और उसे 76 से 86 सीटें मिलने की बात कही गई है। सर्वेक्षण में सामने आया है कि बुंदेलखंड में पार्टी अच्छे नतीजे हासिल कर सकती है।उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव सात चरणों में 11 फरवरी से शुरू होकर आठ मार्च तक चलेगा।