यूपी का सियासी समर इन दिनों चरम पर है। सभी दलों के स्टार प्रचारक अपने-अपने उम्मीदवारों को जीताने के लिए प्रचार कर रहे हैं। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव भी सपा की स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल हैं। डिंपल ने हंडिया और इलाहाबाद में प्रत्याशी के समर्थन में सोमवार को वोट मांगे। इस दौरान सपा कार्यकर्तओं के कारण डिंपल को परेशानियों का सामना करना पड़ा। कार्यकर्ताओं ने उनकी सुरक्षा में सेंधमारी की कोशिश की। डिंपल ने कार्यकर्ताओं को समझने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माने तो अखिलेश भईया से शिकायत करने की धमकी तक दे डाली।
20 फरवरी को सांसद डिंपल यादव इलाहाबाद के हंडिया में चुनाव प्रचार करने पहुंची थी। डिंपल के मंच पर आने के साथ ही सपा कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। पार्टी वर्कर्स की डिंपल को देखने, उनके साथ सेल्फी लेने और उनका वीडियो बनाने की धुन ने उन्हें खासा परेशान किया। कार्यकर्ता मंच के सामने खड़े हो गए। सपा प्रत्याशी ऋचा सिंह ने कार्यकर्ताओं को समझाने की कोशिश भी की, लेकिन वह बात सुनने को तैयार नहीं हुए। काफी देर डिंपल मंच पर चुप बैठी रहीं। इसके बाद माइक संभालते हुए डिंपल ने कहा कि कल अखिलेश भईया आ रहे हैं, तब आपकी शिकायत करूंगी। कार्यकर्ताओं की अनुशासनहीनता पर डिंपल ने पूछा- कहां से ट्रेनिंग ली है। बहुत बुरी बात है। एक कार्यकर्ता से डिंपल ने कहा कि इन्हीं का नाम दूंगी, कल तुमसे भईया मिलेंगे। हंगामा कर रहे हैं कार्यकर्ताओं से परेशान होकर उन्होंने कहा कि बिल्कुल शांत हो जाइए… मैं जाऊं… अगर आप ने एक भी लाइन बोली तो मैं इधर से चली जाऊंगी।
भाषण खत्म करने के बाद जैसे-तैसे डिंपल यादव को आयोजकों ने मंच से कार तक पहुंचाया। लेकिन, यहां हालत और भी खराब थी। कार्यकर्ताओं ने डिंपल की गाड़ी को घेर रखा था। हालांकि डिंपल यादव जिस काम के लिए आईं थी। उसे उन्होंने बखूबी पूरा किया। डिंपल ने हंडिया और इलाहाबाद में पार्टी के उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया।
https://www.youtube.com/watch?v=wKbIg5IzIJo

