चुनाव आते ही भाजपा के नेताओ को राम याद आने लगते हैं। कभी विनय कटियार राम मंदिर की बात करते हैं तो कभी केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को राम की याद आती है। ऐसा एक बार फिर हुआ है। गिरिराज सिंह ने कहा है कि अगर राम मंदिर अयोध्या में नहीं बनेगा तो पाकिस्तान में बनेगा? पत्रकारों से बातचीत में गिरिराज सिंह ने ये बातें कही। गिरीराज सिंह गुस्से में नजर। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर बनाने की बात को बार-बार भाजपा से ही क्यों जोड़ा जाता है। श्री राम केवल बीजेपी के नहीं बल्कि सभी राजनीतिक दलों के हैं। हिन्दू धर्म में आस्था रखने वाले करोड़ों हिन्दुओं के हैं।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से पहले भाजपा नेता विनय कटियार ने राम मंदिर के मुद्दे को हवा दी थी। एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए विनय कटियार ने कहा थी कि जैसे बाबरी ढांचे को गिराया गया ठीक उसी तरह ये सरकार मंदिर का निर्माण कराएगी। लोगों को भाजपा के लिए वोट देने की अपील करते हुए कटियार ने कहा कि ये तभी मुमकिन होगा जब आप वोट देकर भाजपा को जिताएंगे।कटियार ने कहा था कि वो जनता को भरोसा दिलाते हैं कि राम मंदिर मोदी सरकार के कार्यकाल में ही बनेगा। सपा और कांग्रेस गठबंधन पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि राहुल बुझे हुए दीपक हैं। सपा ने उनसे गठबंधन कर गलती कर दी। जितनी सीटें उन्होंने कांग्रेस को दीं हैं उतनी तो वे खुद ही जीत जाते। गौरतलब है कि विनय कटियार रामजन्मभूमि आंदोलन में शामिल रहे थे। उन्हें भाजपा के फायरब्रांड और हिंदुत्ववादी नेताओं में गिना जाता है।
आजम खान पर बोला हमला- कुछ समय पहले आजम खान ने विवादित बयान देते हुए कहा कि रावण लखनऊ में नहीं दिल्ली में रहता है। गिरिराज सिंह ने आजम खान पर हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग रावण के अनुयायी होते हैं उन्हें रावण ज्यादा पसंद आता है। हम लोग तो श्री राम के अनुयायी हैं। हालांकि यह कोई पहला मौका नहीं है जब इस तरह के विवादित बयान दिए गए हों। इससे पहले भी चुनावी मौसम में ऐसे बयान आते रहते हैं।

