यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने राजभवन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। सीएम योगी का पहला कार्यकाल समाप्त हो रहा है। पार्टी ने यूपी में बड़ी जीत हासिल की और सहयोगी दलों के साथ 273 सीटों पर कब्जा जमाया, जबकि सपा गठबंधन ने 125 सीटों पर जीत दर्ज की। समाजवादी पार्टी की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि अखिलेश यादव और सपा ने जनादेश स्वीकार किया है। हम यूपी के लोगों को सीट टैली में 2.5 गुना वृद्धि और वोट शेयर में 1.5 गुना उछाल के लिए धन्यवाद देते हैं।

भाजपा गठबंधन के उम्मीदवारों ने सात सीटों पर सपा गठबंधन के प्रत्याशियों को 500 से भी कम मतों के अंतर से शिकस्त दी वहीं सपा गठबंधन के उम्मीदवारों ने इसी तरह चार सीटों पर भाजपा गठबंधन के उम्मीदवारों को पराजित किया। उत्तर प्रदेश की 403 सीटों के लिए विधानसभा चुनाव में भाजपा, अपना दल (एस) और निषाद पार्टी ने मिलकर 273 सीटों पर कब्जा जमाया वहीं समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) और सुहैलदेव भारतीय समाज पार्टी के गठबंधन के खाते में 125 सीटें गईं। अकेले भाजपा ने 255 सीटों पर जबकि समाजवादी पार्टी ने 111 सीटों पर जीत दर्ज की।

वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में आठ सीटों पर जीत और हार का फासला एक हजार से कम मतों का था। इनमें से पांच सीटों पर भाजपा के उम्मीदवारों को जबकि दो सीटों पर बहुजन समाज पार्टी और एक सीट पर सपा के उम्मीदवार को जीत मिली थी। पिछले चुनाव में सबसे कांटे का मुकाबला डुमरियागंज सीट पर हुआ था। यहां भाजपा के राघवेंद्र प्रताप सिंह ने सपा की सैयदा खातून को 171 मतों से पराजित किया था।

Punjab Results 2022 Live: पंजाब में आप की सुनामी, कांग्रेस बड़ी हार की ओर, सिद्धू-चन्नी दोनों पीछे

इस बार के चुनाव में सबसे कांटे का मुकाबला बिजनौर जिले की तीन और बाराबंकी की दो विधानसभा सीटों पर हुआ। बिजनौर जिले की धामपुर विधानसभा सीट पर जबरदस्त टक्कर हुई। बेहद करीबी मुकाबले में यहां भाजपा के अशोक कुमार राणा ने सपा के नईम उल हसन को सिर्फ 203 मतों से पराजित किया। बिजनौर की चांदपुर सीट पर भी जबदरस्त मुकाबला देखने को मिला लेकिन जीत अंतत: सपा के स्वामी ओमवेश को मिली। उन्होंने भाजपा के कमलेश सैनी को 234 मतों से हराया। इसी जिले की नहटौर सीट पर दिलचस्प मुकाबला हुआ और कई दौर की उठापटक के बाद आखिरकार भाजपा के ओमकुमार ने रालोद के मुंशीराम को 258 मतों से हराया।

Election Highlights:

Live Updates

UP Uttarakhand Election Results 2022: यूपी-उत्तराखंड चुनाव परिणाम के रुझान साफ हो गए हैं। उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ बीजेपी और सीएम योगी आगे चल रहे हैं। वहीं, उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी की अगुवाई वाली मौजूदा भाजपा लीड कर रही है। UP-UK चुनाव से जुड़े ताजा अपडेट्स और परिणाम यहां देखें...

20:52 (IST) 11 Mar 2022
जिनको पार्टी का टिकट नहीं मिला वो हार का कारण - योगेश शर्मा

हस्तिनापुर विधानसभा सीट से सपा उम्मीदवार योगेश वर्मा ने कहा, "मैंने चुनाव के तुरंत बाद पूरे एक महीने तक EVM और स्ट्रांग रूम की चौकसी की। यह चुनाव हम जीतकर हारे हैं। जिन लोगों को पार्टी की तरफ से टिकट नहीं मिला है, वो हार का कारण हैं। जयचंद, जिन लोगों को टिकट नहीं मिला उन लोगों ने अंदर विरोध कर दिक़्क़त पैदा की।"

20:07 (IST) 11 Mar 2022
सपा ने जनादेश स्वीकार किया

सपा द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि अखिलेश यादव और पार्टी जनादेश को स्वीकार करती है। पार्टी की तरफ से कहा गया कि नतीज़ों से पता चला है कि बीजेपी की सीटों की गिनती कम हो सकती है और यह गिरावट जारी रहेगी।

20:05 (IST) 11 Mar 2022
रीता बहुगुणा बोलीं- यूपी में जातिवादी राजनीति नहीं बची

BJP सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने कहा, 2014 में जो क्रम शुरु हुआ था कि केवल सुशासन पर और जनता के हित के लिए जो काम करेगा उसी को वोट मिलेगा। 14, 17, 19 और अब 22 चार चुनाव में निष्पक्ष रूप से सभी जातियों का भेद मिटा कर BJP लगातार जीत रही है। अब उत्तर प्रदेश में जातिवादी राजनीति नहीं बची है।

18:20 (IST) 11 Mar 2022
राजभवन पहुंचे सीएम योगी

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ राजभवन पहुंचे हैं। पार्टी ने यूपी चुनाव में जीत हासिल की और सीएम गोरखपुर अर्बन से चुनाव जीते।

18:19 (IST) 11 Mar 2022
सीएम योगी ने पहले कार्यकाल की आखिरी कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता की

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में पहले कार्यकाल की आखिरी कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता की।

17:07 (IST) 11 Mar 2022
यूपी की चुनावी जीत को अनुप्रिया पटेल ने बताया शानदार

केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने यूपी में चुनावी जीत पर कहा कि एनडीए को दूसरा मौका मिला है और यह एक शानदार सफलता है। इस जनादेश के साथ यूपी के मतदाताओं के प्रति हमारी और भी बड़ी जिम्मेदारी है।

17:03 (IST) 11 Mar 2022
नाग और सांप दोनों ने मिलकर नेवले को जीतने नहीं दिया- स्वामी प्रसाद मौर्य

अपने पुराने बयान पर बोलते हुए समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि हमेशा बड़ा तो नेवला ही होता है। यह बात अलग है कि नाग और सांप दोनों ने मिलकर नेवले को जीतने नहीं दिया।

15:46 (IST) 11 Mar 2022
ईवीएम की लूट हुआ- ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने यूपी चुनावों को लेकर कहा है कि यूपी में ईवीएम की लूट और कदाचार हुआ है। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव को निराश नहीं होना चाहिए और उन्हीं ईवीएम मशीनों की फॉरेंसिक जांच करानी चाहिए। अखिलेश यादव का वोट प्रतिशत इस बार 20% से बढ़कर 37% हुआ है।

15:43 (IST) 11 Mar 2022
जनता का जनादेश स्वीकार: सिराथू में चुनावी हार पर बोले मौर्य

विधानसभा चुनाव में हारे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को कहा कि वह भाजपा के कार्यकर्ता हैं और पार्टी उनसे जो भी करने को कहेगी वह करेंगे। मौर्य सिराथू विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की पल्लवी पटेल से 7,337 मतों से हार गए। मौर्य को जहां 98,941 वोट मिले, वहीं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की बड़ी बहन पटेल को 1,06,278 वोट मिले। हार के मौर्य ने कहा कि जनता का जनादेश उन्हें स्वीकार है।

15:09 (IST) 11 Mar 2022
यूपी में जीत एनडीए की साझी सफलता- अनुप्रिया पटेल

यूपी में बीजेपी गठबंधन की जीत को लेकर अपना दल की नेता अनुप्रिया पटेल ने कहा है कि ये हमारे गठबंधन की साझी मेहनत का परिणान है। उन्होंने कहा- ये बीजेपी, अपना दल और निषाद पार्टी का साझा प्रयास था और एक साझी सफलता है। हम पहले से भी बेहतर काम करेंगे।"

14:36 (IST) 11 Mar 2022
संघमित्रा मौैर्य के बदले सुर

बीजेपी से सपा में गए स्वामी प्रसाद मौर्य की करारी हार हुई है। उनकी बेटी संघमित्रा मौर्य फिलहाल बीजेपी से सांसद हैं। पिता के सपा में जाने के बाद संघमित्रा मौर्य ने अपने पिता से अलग ही रहीं थीं, लेकिन जब चुनाव के दौरान उनपर हमला हुआ तो वो उनके साथ खड़ी दिखीं और उन्होंने भाजपा को जमकर कोसा भी था, लेकिन अब वो भाजपा का गुणगान करतीं दिख रही हैं। उन्होंने कहा-"जब मैं बाहर आई (यूपी चुनाव के दौरान पिता एसपी मौर्य के समर्थन में), तो सभी ने देखा कि मैंने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया और बेटी होने के नाते यह मेरी जिम्मेदारी थी कि मैं अपने पिता के साथ खड़ी रहूं। जिसके पास जनादेश है वह राजा है... संभव है कि मेरे पिता, अन्य नेता लोगों की उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे ... मैंने कभी अपने पिता के लिए प्रचार नहीं किया, अगर मैंने किया तो मुझे सबूत दिखाओ"।

13:37 (IST) 11 Mar 2022
UP Polls 2022: मुस्लिमों ने BSP से अधिक SP पर जताया भरोसा- मायावती

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सुप्रीमो मायावती ने कहा कि मुस्लिम समाज ने उत्तर प्रदेश में बार-बार आजमाई पार्टी बसपा से ज्यादा समाजवादी पार्टी (सपा) पर भरोसा कर बड़ी ‘भारी भूल’ की है। बसपा प्रमुख मायावती ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में नतीजे बसपा की उम्मीद के विपरीत आए, लेकिन पार्टी के नेता तथा कार्यकर्ताओं को इससे घबराने या निराश होने की जरूरत नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा को हराने के लिए मुस्लिम समाज ने बार-बार आजमाई हुई पार्टी बसपा पर भरोसा जताया है लेकिन इस बार मुस्लिम समाज का वोट सपा को चला गया। बसपा मुस्लिम समाज के इस रुख से सीख लेकर इस कड़वे अनुभव को खास ध्यान में रखकर अब अपनी रणनीति में बदलाव जरूर लाएगी।’’

13:25 (IST) 11 Mar 2022
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत उत्तर प्रदेश सरकार के 10 मंत्री चुनाव हारे

उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के शानदार प्रदर्शन के बावजूद उप मुख्‍यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत राज्य के 10 मंत्रियों को हार का सामना करना पड़ा है। निर्वाचन आयोग के अनुसार, सिराथू में भाजपा के उम्मीदवार केशव प्रसाद मौर्य को समाजवादी पार्टी की डॉक्टर पल्लवी पटेल ने 7,337 मतों से पराजित किया। पल्लवी पटेल अपना दल (कमेरावादी) की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं।

मौर्य के अलावा राज्य सरकार के गन्ना मंत्री सुरेश राणा शामली जिले की थानाभवन सीट पर सपा समर्थित राष्‍ट्रीय लोकदल के अशरफ अली खान से 10 हजार से अधिक मतों से चुनाव हार गये। वहीं, बरेली जिले की बहेड़ी विधानसभा सीट से राज्‍य मंत्री छत्रपाल सिंह गंगवार समाजवादी पार्टी के अताउर्रहमान से 3,355 मतों से पराजित हो गये।

13:13 (IST) 11 Mar 2022
UP Election Results: चार राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद मोदी का गुजरात में रोड शो

उत्तर प्रदेश, मणिपुर, उत्तराखंड और गोवा विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के एक दिन बाद शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में अहमदाबाद हवाई अड्डे से रोड शो शुरू किया। फूलों की मालाओं से सजी खुली जीप में सवार मोदी ने रोड शो के दौरान सड़क के किनारे जमा हुए सैकड़ों समर्थकों और प्रशंसकों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। यह काफिला हवाई अड्डे से शुरू हुआ है और करीब 10 किलोमीटर दूर गांधीनगर में भाजपा के राज्य मुख्यालय ‘कमलम’ तक जाएगा।

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल तथा भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष सी. आर. पाटिल भी जीप में मोदी के साथ सवार थे। राज्य में भाजपा के एक नेता ने बताया कि प्रधानमंत्री आज दिन में पंचायत निकायों के एक लाख से अधिक निर्वाचित प्रतिनिधियों की एक रैली को भी संबोधित करने वाले हैं। प्रधानमंत्री मोदी आज से दो दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं। पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के एक दिन बाद मोदी अपने गृह राज्य का दौरा कर रहे हैं। गुजरात में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होंगे।

13:05 (IST) 11 Mar 2022
जनता का फैसला सर्वोपरि, उम्मीद है कि सरकार किसानों के लिए काम करेगी : राकेश टिकैत

किसान नेता राकेश टिकैत ने पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजों को लेकर कहा कि जनता का फैसला सर्वोपरि है,साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर की नई सरकारें किसानों और मजदूरों के उत्थान के लिए काम करेंगी। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता की यह प्रतिक्रिया बृहस्पतिवार रात उस समय आई, जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उत्तर प्रदेश सहित चार राज्यों, जबकि आम आदमी पार्टी (आप) के पंजाब में बहुमत हासिल करने की पुष्टि हो गई।

टिकैत ने हिंदी में ट्वीट किया, “लोकतंत्र के महापर्व में जनता का फैसला सर्वोपरि होता है। किसान आंदोलन ने अपना असर दिखा दिया। हम आशा करते हैं कि जो भी सरकारें बनी हैं, वे सभी अपने-अपने राज्यों में किसानों-मजदूरों के उत्थान के लिए काम करेंगी। सभी को जीत की बधाई।” भाकियू संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) का हिस्सा था, जिसने 2020-21 में केंद्र सरकार के तीन विवादास्पद कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली में 13 महीने लंबे किसान आंदोलन का नेतृत्व किया था। इन कानूनों को बाद में निरस्त कर दिया गया था।

12:46 (IST) 11 Mar 2022
यूपी चुनावः "चल गया बाबा का बुल्डोजर"

बीजेपी नेता और महाराष्ट्र के पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि मैं योगी आदित्यनाथ को बुल्डोजर बाबा के तौर पर धन्यवाद कहना चाहता हूं। उनका बुलडोजर काम कर गया। जो बीजेपी कार्यकर्ता यूपी गए, उन्होंने बीजेपी का मान बढ़ाया। हमारी पार्टी ने सपा को साफ कर दिया और फिर से जीत हासिल की।

12:25 (IST) 11 Mar 2022
उप्र: 2 लाख से अधिक मतों के अंतर से जीत सुनील शर्मा ने बनाया कीर्तिमान

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ समेत करीब नौ उम्मीदवारों ने एक लाख से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल की है, लेकिन गाजियाबाद की साहिबाबाद सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सुनील शर्मा ने दो लाख 13 हजार से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज कर कीर्तिमान बनाया है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए मतदान सात चरणों में दस फरवरी से सात मार्च के बीच हुआ और परिणाम दस मार्च, बृहस्पतिवार को घोषित हुआ। इस चुनाव में भाजपा और उसकी सहयोगी पार्टियों ने 273 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल की, हालांकि कुछ उम्मीदवारों ने जीत के भारी अंतर का रिकॉर्ड बनाया है।

09:04 (IST) 11 Mar 2022
UP Election Results: योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में एक लाख से अधिक मतों से जीते

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में राज्‍य के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ एक लाख से अधिक मतों से चुनाव जीत गये। निर्वाचन आयोग द्वारा बृहस्पतिवार को दी गई जानकारी के मुताबिक, योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र में अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी सुभावती उपेंद्र शुक्‍ला को 1,03,390 मतों से पराजित किया।

साल 2017 में मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ विधान परिषद के सदस्य चुने गये थे। इसके पहले वह गोरखपुर संसदीय क्षेत्र से 1998 से लगातार पांच चुनावों में लोकसभा सदस्य निर्वाचित होते रहे। पहली बार गोरखपुर शहर से विधानसभा का चुनाव लड़ने वाले योगी आदित्यनाथ को 1,65,499 मत मिले जबकि सपा की सुभावती शुक्‍ला को 62,109 मत मिले। यहां योगी के खिलाफ आजाद समाज पार्टी के प्रमुख और भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद को महज 7,640 मतों से संतोष करना पड़ा।

07:43 (IST) 11 Mar 2022
UP Polls 2022: RSS से जुड़े संगठन का दावा- यूपी के मुस्लिमों ने भी BJP को दिया वोट

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से संबद्ध मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत की सराहना करते हुए कहा कि राज्य के लोगों ने विपक्षी दलों की ‘‘नकारात्मक राजनीति’’ को खारिज करते हुए ‘‘मोदी-योगी की शासन शैली’’ में फिर से अपना विश्वास जताया है। इसने यह भी दावा किया कि आठ प्रतिशत से अधिक मुस्लिम वोट भाजपा के खाते में गए हैं।

मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के प्रवक्ता साहिद सईद ने एक बयान में कहा, "समाजवादी पार्टी के एमवाई (मुस्लिम एवं यादव) समीकरण पर भाजपा सरकार की योजनाओं और कार्यों के कार्यान्वयन का प्रभाव पूरी तरह से भारी पड़ा। उन्होंने दावा किया, ‘‘मुस्लिम महिलाओं और पुरुषों ने भी बड़ी संख्या में भाजपा को वोट दिया। आठ प्रतिशत से अधिक मुस्लिम मतदाताओं ने भाजपा के पक्ष में मतदान किया।’’

06:18 (IST) 11 Mar 2022

मुरादाबाद नगर सीट से भाजपा के रितेश गुप्ता जीते

मुरादाबाद नगर सीट से भाजपा के प्रत्याशी रितेश गुप्ता ने 782 मतों से जीत हासिल कर ली है। उन्होंने सपा के हाजी यूसुफ अंसारी को शिकस्त दी है। गुप्ता ने इस सीट पर लगातार दूसरी बार जीत हासिल की है।

04:49 (IST) 11 Mar 2022

कांठ में ‘कमाल’, पहली बार दौड़ी साइकिल

हसनपुर से वाया नौगांवा सादात कांठ पहुंचे कमाल अख्तर ने साइकिल दौड़ाकर कमाल कर दिया। पूर्व कैबिनेट मंत्री ने जीत दर्ज कर कांठ से पार्टी का खाता खोल दिया। यहां से सपा को पहली बार जीत मिली है। इससे पहले कांठ में समाजवादी पार्टी का प्रदर्शन निराशाजनक ही रहा।

03:07 (IST) 11 Mar 2022

स्वार से अब्दुल्ला आजम 61, 103 वोटों से जीते

स्वार विधानसभा सीट से सपा सांसद आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अपना दल (एस) के प्रत्याशी हैदर अली खां उर्फ हमजा मियां को 61103 वोटों से हरा दिया है। अब्दुल्ला आजम को 1,26,162 वोट मिले हैं जबकि हैदर अली खां उर्फ हमजा मियां को 65,039 वोट मिले हैं। तीसरे स्थान पर बसपा के अध्यापक शंकर लाल सैनी रहे, जिन्हें 15035 वोट मिले हैं।

02:09 (IST) 11 Mar 2022

प्रयागराज: शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र हर्षवर्धन बाजपेयी जीते

प्रयागराज जिले के शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यों की नाव ने हर्षवर्धन बाजपेयी को चुनावी वैतरणी पार करा दी। यहां की जनता ने उन पर भरोसा बरकरार रखा और दोबारा उन्हें विधायक चुना।

00:38 (IST) 11 Mar 2022

मिलक सुरक्षित सीट से भाजपा की राजबाला 5912 वोटों से जीतीं

रामपुर की मिलक सुरक्षित विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी राजबाला 5912 मतों से विजयी घोषित की गई हैं। राजबाला को कुल 97948वोट मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी सपा के विजय सिंह को 92036 वोट मिले। मिलक सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र से तीसरे स्थान पर बसपा के सुरेंद्र सिंह सागर रहे, उन्हें 31492 वोट मिले हैं।

23:07 (IST) 10 Mar 2022
मोदी के नेतृत्व में नयी राजनीतिक संस्कृति का आगाज किया उप्र चुनाव परिणाम ने: जितेंद्र सिंह

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव परिणाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नयी राजनीतिक संस्कृति का आगाज कर रहे हैं। सिंह ने कहा कि नयी राजनीतिक संस्कृति वंचितों तक पहुंचने और उन्हें जीवन सुगमता, सशक्तिकरण और सम्मान के साथ समान विकास के फायदे पहुंचाने की भावना से निर्देशित है।

22:52 (IST) 10 Mar 2022
चुनावी नतीजे गरीब हितैषी, अति सक्रिय शासन पर जनता की मुहर: मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश सहित चार राज्यों के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत पर बृहस्पतिवार को कहा कि यह नतीजे पार्टी के ‘‘गरीब हितैषी और अति सक्रिय शासन’’ पर जनता की ‘‘बड़ी मजबूत मुहर’’ है।

21:45 (IST) 10 Mar 2022
उप्र में भाजपा की जीत का श्रेय प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री के विकास कार्य को : गडकरी

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकास कार्यों को दिया। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री ने हिंदी में कई ट्वीट करके कहा कि योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश की छवि को बदल दिया है, जो पहले गुंडाराज और पिछड़ेपन के लिए जाना जाता था। उन्होंने कहा कि अब उप्र की छवि एक अच्छे प्रशासन वाले और समृद्ध राज्य की है।

20:03 (IST) 10 Mar 2022
37 साल बाद यूपी में लगातार कोई सरकार दूसरी बार आई है- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यूपी ने देश को अनेक प्रधानमंत्री दिए हैं, लेकिन 5 साल का कार्यकाल पूरा करने वाले मुख्यमंत्री के दोबारा चुने जाने का ये पहला उदाहरण है। यूपी में 37 साल बाद कोई सरकार लगातार दूसरी बार आई है।

19:50 (IST) 10 Mar 2022
नोएडा के विकास के लिए काम करूंगा- पंकज सिंह

नोएडा से जीत करने वाले भाजपा प्रत्याशी पंकज सिंह ने कहा है कि वो नोएडा के लिए विकास का काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा- "मैं नोएडा के लोगों को फिर से मुझ पर विश्वास करने के लिए धन्यवाद देता हूं। लोगों ने हमारे विकास कार्यों को स्वीकार किया है जो हमने पिछले 5 वर्षों में किया है। मैं नोएडा के लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि मैं नोएडा के विकास के लिए काम करूंगा"।

19:44 (IST) 10 Mar 2022
यूपी उत्तराखंड में बना रिकॉर्ड- जेपी नड्डा

बीजेपी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि यूपी और उत्तराखंड में इस बार रिकॉर्ड बना है। पिछले कई सालों में यूपी में लगातार किसी पार्टी की दो बार सरकार नहीं आई है। लेकिन इस बार बीजेपी ने लगातार दूसरी बार सत्ता में वापसी की है। वहीं उत्तराखंड राज्य बनने के बाद से हर पांच साल में सरकार बदल जाती थी, लेकिन इस बार जनता ने लगातार दूसरी बार हमें सरकार बनाने का मौका दिया है।

यूपी-उत्तराखंड चुनाव 2022 के रुझानों में बीजेपी बढ़त बनाए हुए है। यूपी में पार्टी कुल 403 सीटों में से 275 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं विपक्षी सपा 121 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। इसी तरह बसपा 4 और कांग्रेस 2 सीटों पर आगे है। उत्तराखंड की बात करें तो 70 सीटों में बीजेपी 41 और कांग्रेस 25 सीटों पर आगे चल रही है।