सोमवार को लखनऊ के स्ट्रांग रूम में रखे ईवीएम का ताला तोड़ने का आरोप लगाते हुए सपा और बसपा कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। हालांकि बाद में कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद किसी तरह मामला शांत हुआ।

दरअसल विधानसभा चुनाव की वोटिंग के बाद लखनऊ के रमाबाई रैली मैदान के भवन को स्ट्रांग रूम बनाया गया है। यहीं पर ईवीएम रखे गए हैं। ईवीएम की सुरक्षा को लेकर अर्धसैनिक बल के जवान लगातार स्ट्रांग रूम के बाहर पहरा दे रहे हैं। इसके अलावा सभी दलों के कार्यकर्ता भी ईवीएम की निगरानी कर रहे हैं। स्ट्रांग रूम में किसी को जाने की इजाजत नहीं है।

लेकिन सोमवार को अपर मजिस्ट्रेट लिखी एक गाड़ी अंदर जाने का प्रयास करने लगी। इसी दौरान स्ट्रांग रूम के बाहर खड़े सपा और बसपा के कार्यकर्ताओं ने गाड़ी को रोक दिया। सपा और बसपा कार्यकर्ताओं ने गाड़ी की चेकिंग की तो उसके अंदर से हथौड़ा और प्लास मिला। जिसके बाद दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने स्ट्रांग रूम का ताला तोड़ने और ईवीएम में छेड़खानी का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया।

हालांकि बाद में कई थानों की पुलिस स्ट्रांग रूम के पास पहुंच गई। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने अपर मजिस्ट्रेट लिखी गाड़ी के अंदर बैठे शख्स को पुलिस के हवाले कर दिया। बाद में पुलिस के समझाने के बाद यह हंगामा शांत हुआ। इस मामले की जानकारी लखनऊ के जिलाधिकारी को भी दी गई है। बता दें कि लखनऊ में चौथे चरण में 23 तारीख को मतदान हुआ है, जिसके बाद रमाबाई मैदान में ईवीएम को रखा गया है।

बसपा महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा ने भी इस मामले में चुनाव आयोग से कार्रवाई करने की मांग की है। सतीश चंद्र मिश्रा ने ट्वीट करते हुए लिखा कि सरकार द्वारा जिस तरह से लोकतंत्र की हत्या की जा रही है वह अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। लखनऊ के रमाबाई मैदान के स्ट्रांग रूम से EVM मशीन के साथ छेड़खानी की जा रही है। बसपा इस मामले का पुरजोर विरोध करती है। चुनाव आयोग इस मामले को संज्ञान में लेकर जल्द से जल्द कार्यवाही करे।