उत्तर प्रदेश में चौथे चरण के मतदान के तहत शाम 5 बजे तक 57.45% वोटिंग हुई, जबकि मतदान शाम छह बजे समाप्त हुआ। लखीमपुर खीरी में सबसे अधिक मतदान हुआ, जहां शाम पांच बजे तक 62.42 फीसदी मत पड़े। इसके अलावा, बांदा में 57.54% मतदान हुआ, फतेहपुर में 57.02% मतदान हुआ और हरदोई में 55.29% मतदान हुआ। लखनऊ में 55.08% मतदान हुआ, पीलीभीत में 61.33 % मतदान हुआ। रायबरेली में 58.40 फीसदी मतदान हुआ, सीतापुर में 58.39% और उन्नाव में 54.05% मतदान हुआ। चुनाव आयोग द्वारा मतदान के अंतिम आंकड़े अभी जारी नहीं किए गए हैं।

एक जनसभा के दौरान भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सपा प्रमुख पर हमला बोलते हुए कहा, “गोरखपुर बम कांड, कचहरी बम कांड, संकट मोचन बम कांड और जितने भी बम कांड हुए इनमें तारिक कासमी और खालिद मुजाहिद, एक जौनपुर और एक आजमगढ़ का, इन्हें पकड़ा गया था। अखिलेश यादव ने 2012 में CM बनने के बाद इन दोनों आतंकवादियों को छोड़ा और केस वापस ले लिया।”

कौशांबी में एक जन सभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षियों पर निशाना साधा। पीएम ने कहा, “कोरोना काल में आपने कुछ मौसमी नेताओं को देखा होगा। कोरोना आया तो गायब हो गए, कोरोना कंट्रोल हुआ तो फिर आ गए। चुनाव आया तो आ गए, चुनाव खत्म तो विदेश चलो। जब लोग महामारी में परेशान थे तो वह गायब थे। चुनाव आया तो घर से बाहर निकल आए।” पीएम ने कहा कि मौसमी नेताओं को यूपी की जनता पूरी तरह पहचानती है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अमेठी में एक जन सभा के बीच आरोप लगाया कि आतंकी का परिवार समाजवादी पार्टी का प्रचारक है, जबकि एक अन्य रैली में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पलटवार में कहा कि काले कानून (काका) गए, इसलिए बाबा (योगी) भी जाएंगे।

उधर कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी वाड्रा ने समाचार एजेंसी ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा- भाजपा और सपा बेरोजगारी और महंगाई जैसे केंद्रीय मुद्दों से ध्यान भटका रही हैं, इसके बजाय वे आतंकवाद पर बात कर रही हैं। प्रधानमंत्री ने आवारा पशुओं के मुद्दे पर संज्ञान केवल चुनाव से पहले लिया जबकि लोग वर्षों से इस समस्या का सामना कर रहे हैं।

बकौल प्रियंका, “विकास केवल भाजपा के प्रचार अभियान में होता है, जमीन पर दिखाने को कुछ नहीं है। भाजपा और सपा ने अपने चुनावी घोषणापत्र में महिला सशक्तिकरण संबंधी कांग्रेस की कई घोषणाओं की नकल की है। कांग्रेस पार्टी की तरह किसी दल ने सड़क पर लड़ाई नहीं लड़ी है, सपा और बसपा चुनाव से पहले तक चुप थे।”

Live Updates

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में चौथे चरण का मतदान LIVE Updates: यहां पाएं पल-पल के अपडेट्स

08:11 (IST) 23 Feb 2022
UP Polls 2022: मायावती- ऐसा न हो धरे रह जाएं BJP, SP के दावे

लखनऊ में वोट डालने के बाद बसपा प्रमुख मायावती ने बताया, बसपा को अकेले सभी वर्गों का वोट मिल रहा है। भाजपा, सपा जीत का दावा कर रहे हैं, कई ऐसा ना हो कि उनके दावे धरे के धरे रह जाए। जब नतीजे आएंगे तो बसपा को 2007 की तरह पूर्ण बहुमत मिलेगा।

07:56 (IST) 23 Feb 2022
यूपी चुनावः रायबरेली सदर पर 1993 से एक ही परिवार का दबदबा

उत्तर प्रदेश की रायबरेली सदर विधानसभा सीट पर पिछले करीब तीन दशक से एक ही परिवार का कब्जा रहा है, भले ही वह कांग्रेस के प्रतिनिधि के रूप में हो, या पीस पार्टी, भाजपा के टिकट पर हो या निर्दलीय उम्मीवार के तौर पर। यह विधानसभा सीट कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र का हिस्सा है। यह परिवार है पांच बार के विधायक, दिवंगत अखिलेश सिंह और उनकी बेटी अदिति सिंह। इन दोनों का कांग्रेस और गांधी परिवार से बेहतर रिश्ता रहा है। कांग्रेस के हाईप्रोफाइल गढ़ की यह सीट अंतिम बार इस परिवार के बाहर 1991 में गई थी, जब जनता दल और जनता पार्टी शीर्ष दावेदार थे और भारत में अधिक उदार अर्थव्यवस्था शुरू नहीं हुई थी।

तेईस फरवरी को इस विधानसभा सीट के लिए होने वाले चुनाव से एक सप्ताह पहले ही अदिति सिंह (34) ने सोशल मीडिया पर अपने पिता का एक छोटा वृत्तचित्र जारी करते हुए मतदाताओं से भावनात्मक अपील की थी। उन्होंने रायबरेली में अपने पिता के अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए एक बार फिर विजयश्री दिलाने की अपील की। वह 2017 में कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर निर्वाचित हुई थीं, लेकिन 2021 में कांग्रेस पर हमले करते हुए भाजपा में शामिल हो गयी थीं। दोनों परिवारों के बीच इंदिरा गांधी के जमाने से ही पारिवारिक रिश्ते थे।

07:53 (IST) 23 Feb 2022
UP Elections: वोटिंग से ऐन पहले भाजपा सांसद के बेटे की SP चीफ से भेंट

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के तहत राज्य की राजधानी लखनऊ में होने वाले मतदान की पूर्व संध्या पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद रीता बहुगुणा जोशी के पुत्र मयंक जोशी ने समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव से मंगलवार को मुलाकात की। यादव ने मंयक जोशी के साथ अपनी तस्वीर ट्वीट करते हुए लिखा, ''श्री मयंक जोशी से शिष्टाचार मुलाकात।''

दरअसल, मंयक जोशी भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी के पुत्र हैं। रीता जोशी इस विधानसभा चुनाव में अपने बेटे के लिए लखनऊ छावनी से विधानसभा चुनाव का टिकट मांग रही थीं, लेकिन भाजपा ने छावनी विधानसभा से प्रदेश सरकार के मंत्री ब्रजेश पाठक को टिकट दे दिया।

07:22 (IST) 23 Feb 2022
उप्र चुनाव 2022: भाजपा 10 मार्च के बाद Free Ration बंद कर देगी- बघेल

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंगलवार को दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार की ओर से दिया जा रहा निशुल्क राशन “केवल एक लॉलीपॉप” है और यह केवल 10 मार्च तक दिया जाएगा, जिसके बाद इसे बंद कर दिया जाएगा। कुर्सी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक चुनावी सभा में बघेल ने कहा,''भाजपा सरकार द्वारा आम जनता को जो राशन दिया जा रहा है वह मात्र दस मार्च तक ही दिया जाएगा । यह केवल एक लालीपॉप है और भाजपा सरकार बाद में राशन देना बन्द करने जा रही है।''

बघेल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला बोलते हुए कहा, “आधा चुनाव बीत गया है अब प्रधानमंत्री कहते हैं, हमने आपको नमक खिलाया है, नमक का हक अदा करना। सभी सरकारें अपने अपने राज्य में जनता के लिए कुछ ना कुछ करती हैं। यह कहते हैं, नमक का हक अदा करना।” उन्होने कहा, “ कांग्रेस ही ऐसी पार्टी है जो किसी प्रकार का भेदभाव नहीं करती है और विकास के समान रास्ते इस सरकार में खुले रहते हैं।”

07:17 (IST) 23 Feb 2022
UP Polls 2022: भाजपा ने ‘सुरक्षा’, मुफ्त अनाज को मुद्दा बनाया, बेरोजगारी पर सवाल

यूपी चुनाव के आगे बढ़ने के साथ मतदाताओं के बीच कुछ चीजों को लेकर चर्चा आम है। मसलन सुरक्षा, सकुन और मुफ्त राशन। वहीं, सत्तारूढ़ दल के नेताओं को बेरोजगारी और गुंडों के खिलाफ कार्रवाई में भेदभाव करने के आरोपों का भी सामना करना पड़ रहा है। प्रयागराज पश्चिम में ई रिक्शा चलाने वाले 50 वर्षीय अनिल सोनकर का कहना है कि उसने सोचा था कि उसके बेटे को उससे बेहतर काम मिलेगा, भले ही वह स्नातक है, लेकिन अच्छी नौकरी मिलना मुश्किल है।

हालांकि उसने गैंगस्टर अतीक अहमद के गिराए गए कार्यालय की ओर इशारा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चीजें सुरक्षित की हैं और “अब मैं गुंडों का सामना किए बिना रिक्शा चला सकता हूं।” सोनकर ने कहा कि पिछले तीन दशक में पहली बार ना ही अतीक अहमद और ना उसके परिवार का कोई सदस्य इस बार चुनाव लड़ रहा है। शहर उत्तर में सड़क किनारे कपड़े बेचने वाले विनोद कुमार केसरवानी की सोच भी कुछ इसी तरह की है। पिछले कुछ समय से काम मंदा चलने के बावजूद उसका राजनीतिक जुड़ाव प्रभावित नहीं हुआ है।

बता दें कि यूपी विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के तहत नौ जिलों की 59 सीटों पर मतदान शाम छह बजे तक चलेगा। राज्य निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, सुबह 11 बजे तक औसतन 22.62 प्रतिशत मतदान हुआ। पीलीभीत में 27.44 प्रतिशत, लखीमपुर खीरी में 26.28, सीतापुर में 22.13, हरदोई 20.13, उन्नाव में 21.36, लखनऊ में 21.41, रायबरेली में 21.42, बांदा में 23.92 और फतेहपुर में 22.52 प्रतिशत मतदान इस अवधि में हो चुका था।

इस चरण में कुल 624 उम्मीदवार मैदान में हैं। चौथे चरण में जिन प्रमुख उम्मीदवारों की प्रतिष्ठा दांव पर है, उनमें प्रदेश के कानून मंत्री बृजेश पाठक (लखनऊ कैंट), मंत्री आशुतोष टंडन (लखनऊ पूर्वी) पूर्व मंत्री सपा प्रत्याशी अभिषेक मिश्रा (सरोजिनी नगर), उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष नितिन अग्रवाल (हरदोई) शामिल हैं। इसके अलावा नेहरू-गांधी परिवार का ‘गढ़’ माने जाने वाले रायबरेली में भी चौथे चरण में मतदान हो रहा है। यहां कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुई अदिति सिंह एक बार फिर मैदान में हैं।

आयोग द्वारा निष्पक्ष, सुरक्षित और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिये व्यापक इंतजाम एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई है। कोविड-19 के मद्देनजर मतदेय स्थलों पर थर्मल स्कैनर, सैनिटाइजर, दस्ताने, मास्क,, पीपीई किट, साबुन, पानी वगैरह की व्यवस्था की गई। चौथे चरण के चुनाव में कुल 24,643 मतदेय स्थल और 13,817 मतदान केन्द्र बनाये गए।