उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022: दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के प्रवेश द्वार नोएडा (जनपद गौतम बुद्ध नगर) में चुनाव संबंधी घोषणा होने के बाद सियासी पारा लगातार बढ़ता जा रहा है। जिले की तीन विधानसभा सीटों पर यहां पहले चरण के दौरान 10 फरवरी को यहां मतदान होना है। ज्यादातर राजनीतिक दलों ने प्रदेश की इस नामी विधानसभा सीट पर अपने-अपने प्रत्याशियों के नामों को घोषणा कर दी है।

गौतम बुद्ध नगर की तीनों सीटों पर फिलहाल भाजपा के विधायक हैं। भाजपा ने कुछ सीटों पर उम्मीदवारों को बदले जाने की अटकलों पर विराम लगाते हुए एक बार फिर इन्हीं तीनों को चुनावी मैदान में उतारा है।

नोएडा : यहां 6,90,231 मतदाता हैं। भाजपा ने यहां से निवर्तमान विधायक पंकज सिंह को दोबारा चुनाव मैदान में उतारा है। कांग्रेस में लंबी पारी के बाद हाल ही में बसपा में शामिल हुए कृपा राम शर्मा बसपा के चुनाव चिन्ह पर मैदान में उतरे हैं। सपा ने 2017 में प्रत्याशी रहे सुनील चौधरी पर फिर से भरोसा जताते हुए मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने पंखुड़ी पाठक को प्रत्याशी बनाया है। प्रदेश के विधानसभा चुनाव में पहली बार उतरी आम आदमी पार्टी के पंकज अवाना मैदान में हैं। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह 2017 में पहली बार नोएडा सीट से विधायक चुने गए थे। उन्होंने 2017 में एक लाख चार हजार से अधिक मतों के अंतर से जीत हांसिल की थी।

दादरी : इस सीट पर 5,86,889 मतदाता हैं। 2017 में यहां से भाजपा प्रत्याशी के रूप में मास्टर तेजपाल नागर ने 80 हजार से अधिक मतों से जीत हासिल की थी। मिहिर भोज प्रतिमा अनावरण मामले में गुर्जर और ठाकुरों के बीच हुए लंबे विवाद के दौरान उनके बदले जाने की अटकलें लगाई जा रही थी। उनका मुकाबला सपा प्रत्याशी राजकुमार भाटी और बसपा प्रत्याशी मनवीर भाटी से। यहां से कांग्रेस ने दीपक भाई चोटीवाला और आम आदमी पार्टी ने संजय तुगलपुर (चेची) को बतौर प्रत्याशी मैदान में उतारा है।

जेवर : इस सीट पर 3,46,425 मतदाता हैं। भाजपा ने मौजूदा विधायक धीरेंद्र सिंह पर एक बार फिर भरोसा जताते हुए प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस से भाजपा में आए धीरेंद्र सिंह ने 2017 में 22 हजार से अधिक मतों से जीते थे। जेवर अंतरराष्ट्र्ीय हवाई अड्डे की योजना को साकार करने में उनकी भूमिका रही है। उनका मुकाबला इस मर्तबा राष्ट्रीय लोकदल और समाजवादी पार्टी के संयुक्त उम्मीदवार अवतार सिंह भड़ाना से है। यहां से बसपा के नरेंद्र भाटी (डाढा), कांग्रेस के मनोज चौधरी और आम आदमी पार्टी की पूनम सिंह चुनावी मैदान में हैं।