उत्तर प्रदेश चुनाव के मद्देनजर सामने आए एक सर्वे में पता चला है कि चुनाव नतीजों में भाजपा की सीटें 2017 में हुए विधानसभा चुनाव के मुकाबले घट सकती है। बता दें कि जी न्यूज चैनल के ओपिनियन पोल में खुलासा हुआ है कि भाजपा इस बार 245-267 सीटें जीत सकती है। वहीं समाजवादी पार्टी को इस सर्वे में 125-148 सीटें मिलने का अनुमान है।

गौर करें तो 2017 में भाजपा को 312 सीटें मिली थी। ओपिनियन पोल के मुताबिक इस बार भाजपा को 45-67 सीटों का नुकसान हो सकता है। वहीं सपा को पिछले चुनाव में 47 सीटें हासिल हुई थी लेकिन सर्वे के अनुसार इस बार सपा की 78-101 सीटें बढ़ सकती हैं। ऐसे में साफ है सपा को फायदा तो मिलता दिख रहा है लेकिन भाजपा सत्ता में वापसी करती दिख रही है।

सर्वे के मुताबिक कांग्रेस को 3-7 सीटें, बसपा को 5-9 सीटें मिल सकती हैं। इस पोल के मुताबिक बसपा को 2017 के मुकाबले(19) कम सीटें जीत सकती है। बता दें कि सर्वे में लोगों से यह भी सवाल किया कि अगर आज लोकसभा चुनाव हों तो उनके लिए पीएम पद की पसंद कौन है।

इसके जवाब में 72 फीसदी लोगों ने नरेंद्र मोदी और 28 प्रतिशत लोगों ने राहुल गांधी को पीएम के लिए चुना है। इस सर्वे के मुताबिक पीएम मोदी का जादू अब भी लोगों पर बरकरार है। ऐसे में उसका फायदा भाजपा को विधानसभा चुनावों में मिल सकता है।

एबीपी सी-वोटर के सर्वे: वहीं एबीपी सी-वोटर के सर्वे को देखें तो भाजपा को 221 से 231 सीटें मिलने का अनुमान है। इसके अलावा समाजवादी पार्टी के खाते में 147-157 सीटें आ सकती है। एबीपी सी-वोटर के सर्वे में बसपा को 7 से 13 सीटें और कांग्रेस को 5 से 9 सीटें मिल सकती है। इंडिया टीवी के सर्वे की माने तो भाजपा 230-235, सपा 160-165, बसपा 2 से 5 और कांग्रेस 3 से 7 सीटें जीत सकती है।