आगामी यूपी विधानसभा चुनाव के लिए ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ अभियान के तहत कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी बुधवार को फिरोजाबाद पहुंचीं। फिरोजाबाद जाते समय रास्ते में प्रियंका गांधी, चूड़ी बनाने वाली महिलाओं के घर भी गईं और वहां उनसे बातचीत की। इस दौरान वो चूड़ी बनाती हुई भी दिखीं।
चूड़ी बनाने और महिलाओं से मिलने का एक वीडियो भी प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया है। यूपी कांग्रेस ने भी इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा है- “फिरोजाबाद जाते वक्त कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने चूड़ी उद्योग में जुड़ाई व झलाई का काम करने वाली सितारा जाटव से मुलाकात की। मुलाकात के बाद प्रियंका जी ने कहा कि कांग्रेस का शक्ति विधान ऐसी तमाम महिलाओं के हाथ में शक्ति देने के लिए है।”
वीडियो में दिख रहा है कि प्रियंका गांधी महिला से बात करने के दौरान उसके बच्चे के कपड़े भी तह कर रही है। कपड़ों को ठीक करते हुए ही, प्रियंका महिला से चूड़ी बनाने में लागत और इनकम को लेकर सवाल पूछ रही हैं। इस दौरान महिला, गैस की बढ़ती कीमतों पर भी बात करती दिख रही है। प्रियंका गांधी, महिला से चूड़ी बनाना भी सीखती हैं।
वहीं प्रियंका गांधी ने फिरोजाबाद की रैली में महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा- “महंगाई का बोझ कौन उठा रहा है? समाज के संघर्ष का बोझ कौन उठा रहा है? आपके पैदा होते ही संघर्ष शुरू हो जाता है और आपके संघर्ष को पहचानने वाला कोई नहीं है। आपने बहुत झूठ सह लिए”।
उन्होंने आगे कहा कि महिलाओं के लिए किसी भी चुनाव में उनकी भलाई और सशक्तिकरण की बात नहीं होती। घोषणाएं होती हैं लेकिन प्रयास नहीं होते। नेताओं की मानसिकता है कि महिलाओं को नकारा जा सकता है। लेकिन मैं कह रही हूं कि अब महिलाओं को नकारा नहीं जा सकता है।
कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि वो चाहती हैं कि महिलाएं समझें कि किस तरह की राजनीति हो रही है और उसे वो बदल सकती हैं। उन्होंने कहा कि स्कूटी और स्मार्टफोन महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए है। इसके अलावा भी कांग्रेस ने बहुत सारी घोषणाएं की हैं जो महिलाओं को सशक्त बनाएंगी।