समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी के खिलाफ गौतमबुद्ध नगर जिले में मामला दर्ज किया गया है। इस एफआईआर में कई और सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के नाम भी शामिल हैं।

मिली जानकारी के अनुसार दादरी थाने में यह मुकदमा दर्ज किया गया है। अखिलेश और जयंत पर आरोप है कि उन्होंने अपने कार्यक्रम के दौरान चुनाव आचार संहिता का उल्लघंन किया है। गुरुवार को अखिलेश यादव चुनाव प्रचार के लिए दादरी पहुंचे थे। जहां सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया था। इस दौरान जमकर आतिशबाजी भी की गई थी।

गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने इस मामले पर जानकारी देते हुए कहा कि 3 फरवरी को दादरी में एक अभियान के दौरान कोविड और चुनाव आयोग के दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने के लिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव, आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी, सपा के दादरी से उम्मीदवार राजकुमार भाटी, सपा के गौतमबुद्ध नगर प्रमुख इंद्र प्रधान और 300-400 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

बता दें कि तीन फरवरी को अखिलेश यादव और जयंत चौधरी अपनी चुनावी यात्रा के दौरान रात 11 बजे दादरी पहुंचे थे। यहां सैकड़ों की संख्या में पहले से ही मौजूद सपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया था। इस दौरान जमकर नारे लगे और आतिबाजी भी हुई थी। इसी को लेकर अब पुलिस ने केस दर्ज किया है।

चुनाव आयोग ने सोमवार को ही सभी चुनावी राज्यों में रोड शो और राजनीतिक रैलियों पर लगी रोक को 11 फरवरी तक के लिए बढ़ा दिया था। हालांकि, चुनाव आयोग ने इन प्रतिबंधों में कुछ छूट भी दी है। जिसके तहत 1000 लोगों के साथ चुनावी सभा की जा सकती है। इसके अलावा 500 लोगों के साथ इंडोर मीटिंग भी हो सकती है। इसके साथ ही डोर टू डोर कार्यक्रम भी 20 लोगों के साथ किया जा सकता है।

दादरी, नोएडा और जेवर के साथ गौतमबुद्धनगर लोकसभा सीट के अंतर्गत आता है। तीनों निर्वाचन क्षेत्रों में पहले चरण के तहत 10 फरवरी को मतदान होगा। वहीं मतों की गिनती 10 मार्च को होगी।