समाजवादी पार्टी के मुखिया और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर पार्टी के प्रचार में जुटे हैं। शुक्रवार को कांग्रेस के गढ़ रायबरेली में विजय रथ यात्रा के दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। वहीं, पत्रकारों के एक सवाल पर उन्होंने कहा कि पहले सीटों पर बात होती है उसके बाद ही गठबंधन का ऐलान किया जाता है। कल ही अखिलेश यादव ने प्रसपा प्रमुख और अपने चाचा शिवपाल सिंह यादव से मुलाकात के बाद गठबंधन का ऐलान किया है।
गठबंधन में सीटों के बंटवारे पर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने सीटों को लेकर चर्चा करने के बाद ही गठबंधन का ऐलान किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ऐसा दांव चलती है जो किसी को समझ नहीं आता है। समाजवादी पार्टी प्रमुख ने एक बार फिर भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा, ”भाजपा वाले न क्रिकेट खेल पाते हैं और न कुश्ती। भाजपा वालों को केवल ठोको खेल आता है।”
वहीं, विजय रथ यात्रा के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी ने जनता को सिर्फ दिक्कत, जिल्लत और किल्लत दी है। अखिलेश यादव ने कहा, ”भाजपा सरकार कहती है कि ऑक्सीजन की कमी से किसी की मौत नहीं हुई, मुख्यमंत्री केवल झूठ बोलना जानते हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को खाद नहीं मिलने की वजह से दिक्कत हो रही है।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा की सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी है, जनता समाजवादी पार्टी के साथ है। सपा प्रमुख ने कहा कि लोग तब तक चैन से नहीं बैठेंगे जब तक वे डबल इंजन वाली सरकार के उत्तर प्रदेश के इंजन को निकालकर बाहर नहीं कर देते है।
समाजवादी पार्टी ने यूपी में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव से पहले, 12 दलों के साथ गठंबधन किया है। वहीं, गुरुवार को अखिलेश यादव ने अपने चाचा शिवपाल सिंह यादव से मुलाकात के बाद गठबंधन का ऐलान किया। अखिलेश यादव ने शिवपाल सिंह यादव के साथ गिले-शिकवे दूर कर दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन पर सहमति जता दी है लेकिन अभी तक सीट शेयरिंग का फॉर्मूला सामने नहीं आया है।