Loksabha Chunav 2024: लोकसभा चुनाव अब अपने समाप्ति की ओर बढ़ चला है। 7 चरणों मे से 6 चरणों का मतदान हो चुका है और अंतिम चरण का मतदान 1 जून को होना है। इसके लिए सभी पार्टियों के नेता अपनी एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। इसी बीच बिहार में विपक्ष के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री मोदी के नाम के एक खुला खत लिखा है।
तेजस्वी ने पीएम मोदी को खत में लिखा है कि प्रधानमंत्री जी इस पत्र के माध्यम से अपना ज्ञानवर्धन कर लीजिए। जातिगत जनगणना, आरक्षण, मंडल कमीशन और संविधान को लेकर लोगों के बीच भ्रम मत फैलाएं। पत्र में लिखा गया है कि गुजरात में मुसलमानों को आरक्षण मिल रहा है। जहां प्रधानमंत्री 13 साल मुख्यमंत्री रहे हैं। लेकिन फिर भी वो लोगों के बीच भ्रम न फैलाएं।
दरअसल बिहार की एक जनसभा में पीएम मोदी ने विपक्ष के लिए मुजरा शब्द का प्रयोग किया था। इसको लेकर तेजस्वी यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की भाषा दिन प्रतिदिन गिरती जा रही है। उनको अपने पद की गरिमा का तनिक भी ख्याल नहीं है।
कुछ दिनों पहले वो भैंस और मंगलसूत्र की बात कर रहे थे अब वो मूजरा की बात कर रहे हैं। प्रधानमंत्री की भाषा सुनकर भाजपा के समर्थक भी मायूस हो रहे हैं कि प्रधानमंत्री किस तरह की भाषा का प्रयोग कर रहे हैं।
पीएम को खत लिखकर तथ्यों की दी जानकारी
वहीं मीडिया से बात करते हुए तेजस्वी ने कहा कि 4 जून को इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है और मोदी जी की विदाई होने जा रही है। इसके साथ ही तेजस्वी ने ये भी कहा कि 300 से ज्यादा सीटें इंडिया गठबंधन के खाते में आ रही है। तेजस्वी ने कहा कि हमने पत्र के माध्यम से प्रधानमंत्री जी को तथ्यों की सही जानकारी दे दी है।