कन्नौज से चुनकर तीन सांसद अलग-अलग समय अलग-अलग प्रदेशों के मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठे। मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव को जहां उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने का गौरव मिला तो शीला दीक्षित दिल्ली की मुख्यमंत्री बनीं। मुलायम और शीला को एक-एक दफा सांसद बनने का गौरव मिला जबकि अखिलेश यादव ने हैट्रिक लगाकर सांसद रहते हुए मुख्यमंत्री की कुर्सी तक जा पहुंचे। 1999 में तत्कालीन सपा प्रमुख रहते हुए मुलायम कन्नौज संसदीय सीट से सांसद निर्वाचित होते हुए वे दो बार मुख्यमंत्री बन चुके थे। तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने से पहले वे कन्नौज से सांसद निर्वाचित हो चुके थे।

शीला दीक्षित और अखिलेश ने अपने सियासी सफर की शुरुआत ही कन्नौज से की थी। इंदिरा लहर में शीला दीक्षित पहली बार 1984 में सांसद निर्वाचित हुई थीं लेकिन अगला चुनाव हारने के बाद वे दिल्ली की सियासत का अहम चेहरा बन गर्इं और बाद में लगातार तीन बार दिल्ली की मुख्यमंत्री रहीं। अखिलेश ने राजनीति की दुनिया में कदम रखने के लिए साल 2000 के लोकसभा उपचुनाव में किस्मत आजमाई। उसके बाद से लगातार तीन बार सांसद बने।

समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं । कन्नौज लोकसभा क्षेत्र से 1999 का लोकसभा चुनाव जीतने के बाद 2003 में वे सूबे के तीसरी बार मुख्यमंत्री बने। कन्नौज से सांसद चुन जाने से पहले भी दो बार वे सूबे के मुख्यमंत्री की कुर्सी संभाल चुके थे। 1999 लोकसभा चुनाव में मैनपुरी और कन्नौज दोनों सीट से जीते और कन्नौज से इस्तीफा दिया। इस सीट से उनके बेटे अखिलेश यादव उपचुनाव जीतकर पहली बार सांसद बने।

मुख्यमंत्री का कार्यकाल
पहली बार : पांच दिसंबर 1989 से 24 जून 1991
दूसरी बार : पांच दिसंबर 1993 से तीन जून 1995
तीसरी बार : 23 अगस्त 2003 से 13 मई 2007
कन्नौज से सांसद : 1999 से 2000

शीला दीक्षित तीन बार दिल्ली की मुख्यमंत्री रहीं। वे कन्नौज संसदीय सीट से 1984 में सांसद बनी थीं लेकिन 1989 मे हुए चुनाव में करारी हार के बाद उन्होने कन्नौज की राजनीति को तिलांजलि दे दी। वे केरल की राज्यपाल भी बनीं। 2017 के यूपी विधानसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें मुख्यमंत्री का चेहरा भी घोषित किया था।

कार्यकाल
पहली बार मुख्यमंत्री : 1998 से 2003
दूसरी बार मुख्यमंत्री : 2003 से 2008
तीसरी बार मुख्यमंत्री : 2008 से 2013
कन्नौज से सांसद : 1984 से 1989

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने के समय कन्नौज के सांसद थे। मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने इस सीट से इस्तीफा दिया। खाली की हुई कन्नौज सीट से पत्नी डिंपल यादव निर्विरोध सांसद निर्वाचित हुई थीं।

कार्यकाल
पहली बार सांसद : 2000 से 2004
दूसरी बार सांसद : 2004 से 2009
तीसरी बार सांसद : 2009 से 2012
यूपी के मुख्यमंत्री : 2012 से 2017