Sant Kabir Nagar Lok Sabha Election 2024 Date, Candidate Name: संत कबीर नगर लोकसभा सीट उत्तर प्रदेश राज्य की 80 लोकसभा सीटों में से एक है। पहले यह क्षेत्र बस्ती जिले का हिस्सा था, लेकिन बाद में 5 सितंबर 1997 को संत कबीर नगर के रूप नए जिले की स्थापना कर दी गई। संत कबीर नगर को महान संत कबीर दास की धरती के रूप में जाना जाता है। 2002 में बने परिसीमन आयोग की सिफारिश पर 2008 में संतकबीरनगर लोकसभा सीट अस्तित्व में आई। इसके एक साल बाद यहां पहला लोकसभा चुनाव लड़ा गया।

2019 में बीजेपी प्रत्याशी प्रवीण निषाद जीते

साल 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में संत कबीर नगर लोकसभा सीट से भाजपा को जीत मिली थी। बीजेपी ने यहां से प्रवीण कुमार निषाद को खड़ा किया था। जवाब में बसपा ने भीष्म शंकर तिवारी को मैदान में उतारा था। उत्तर प्रदेश में सपा और बसपा के बीच चुनावी गठबंधन था और यहां से बसपा ने अपना उम्मीदवार उतारा। प्रवीण कुमार निषाद को 467,543 मत प्राप्त हुए तो भीष्म शंकर तिवारी के खाते में 4,31,794 वोट आए थे। चुनाव में मुकाबला कांटे का रहा और महज 35,749 मतों के अंतर से प्रवीण निषाद को जीत मिली थी।

2014 में शरद त्रिपाठी ने की थी जीत हासिल

साल 2014 लोकसभा चुनाव की बात करें तो उस वक्त देश में पीएम मोदी की लहर थी। उस वक्त बीजेपी ने शरद त्रिपाठी को मैदान में उतारा था। बसपा ने भीष्म शंकर तिवारी तो सपा ने भाल चंद्र यादव को टिकट दिया था। इस चुनाव में शरद त्रिपाठी को 3,48,892 वोट, भीष्म शंकर तिवारी को 2,50,914 वोट और भाल चंद्र यादव को 2,40,169 मत प्राप्त हुए थे।

इस चुनाव में तीनों ही उम्मीदवारों को दो-दो लाख से ज्यादा वोट हासिल हुए थे। हालांकि भाजपा के शरद त्रिपाठी ने 97,978 मतों के अंतर से चुनाव में जीत हासिल की और सांसद बने थे।

संत कबीर नगर लोकसभा में पांच विधानसभा सीटें

संत कबीर नगर लोकसभा सीट के तहत पांच विधानसभा सीटें आती हैं, जिसमें तीन सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। इस संसदीय सीट को तीन जिलों के क्षेत्रों को शामिल कर बनाया गया। अंबेडकर नगर, संत कबीर नगर और गोरखपुर की विधानसभा सीटों को इस नई संसदीय सीट में शामिल किया गया। संत कबीर नगर लोकसभा सीट का अस्तित्व ज्यादा पुराना नहीं है और 2008 के परिसीमन के बाद यह सीट अस्तित्व में आई थी। इस सीट से बसपा के भीष्म शंकर तिवारी ने जीत हासिल करते हुए पहले सांसद बने थे।

संतकबीरनगर लोकसभा सीट का जातीय समीकरण-

संतकबीरनगर लोकसभा सीट पर कुल 19,44,454 मतदाता हैं। जिसमें महिला वोटर की संख्या 8,87,227 है। वहीं पुरुष वोटर की संख्या 10,57,144 है। एक अनुमान के मुताबिक, जाति के आधार पर क्षेत्र में निषाद मतदाताओं की तादाद करीब डेढ़ लाख, मुस्लिम मतदाता सवा छह लाख, यादव मतदाता 1 लाख 30 हजार, कुर्मी मतदाता 1 लाख 20 हजार, ब्राह्मण मतदाता 3 लाख, क्षत्रिय मतदाता सवा लाख, भूमिहार मतदाताओं की संख्या 50 हजार और दलित मतदाताओं की संख्या करीब साढ़े चार लाख है।