समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश की छह सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया है। सपा की इस लिस्ट में संभल सीट पर जियाउर्रहमान बर्क को प्रत्याशी बनाया गया है। इस सीट पर सपा ने पहले शफीकुर्रहमान बर्क को टिकट दिया था, उनके निधन के बाद जियाउर्रहमान बर्क को टिकट दिया गया है। जियाउर्रहमान बर्क शफीकुर्रहमान बर्क के पोते हैं और संभल की कुंदरकी सीट से सपा विधायक हैं।
सपा की इस लिस्ट में बागपत लोकसभा सीट से मनोज चौधरी, गौतमबुद्धनगर से राहुल अवाना, पीलीभीत से भगवत सरन गंगवार, घोसी से राजीव राय और मिर्जापुर से राजेंद्र एस बिंद के नाम का ऐलान किया गया है।
गौतमबुद्ध नगर में बदला प्रत्याशी
सपा ने गौतमबुद्ध नगर में पूर्व में घोषित उम्मीदवार डॉ. महेन्द्र नागर को बदलते हुए उनकी जगह राहुल अवाना को प्रत्याशी घोषित किया है। इसके पहले भी सपा ने मिश्रिख क्षेत्र के उम्मीदवार को बदल दिया था।
अब तक कुल छठवीं सूची जारी कर सपा उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से 47 पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर चुकी है। विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ में सीट बंटवारे पर समझौते के तहत सपा ने एक सीट तृणमूल कांग्रेस को दी है और कांग्रेस 17 सीट पर चुनाव लड़ रही है।