भाजपा ने सपा के वर्तमान विधायक और पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह की पत्नी पक्षालिका सिंह को आगरा की बाह सीट से मैदान में उतारा है। इस सीट से वर्तमान में अरिदमन विधायक हैं। अरिदमन और पक्षालिका दोनों पिछले सप्ताह भाजपा में शामिल हो गए थे। दोनों ने लखनऊ में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य की मौजूदगी में सदस्यता ली थी। अरिदमन भदावर राजघराने से ताल्लुक रखते हैं। पक्षालिका साल 2012 में सपा की टिकट पर खेरागढ़ से चुनाव हार गई थीं। उन्होंने 2014 का लोकसभा चुनाव भी सपा की टिकट पर लड़ा था लेकिन जीत नहीं पाई थीं। मुलायम सिंह यादव की ओर से पिछले महीने जारी की गई उम्मीदवारों की सूची में अरिदमन और पक्षालिका का नाम था।
अरिदमन को इस बारे टिकट नहीं दिया गया है। बाह सीट से वे छह बार विधायक रह चुके हैं। यहां से केवल एक बार 2007 के विधानसभा चुनावों को छोड़कर वे लगातार चुनाव जीते हैं। साल 1989 से वे बाह से विधायक चुने जाते रहे हैं। हालांकि 2007 में बसपा के मधुसूदन शर्मा ने उन्हें हराया था। 1989 से 1993 तक वे जनता दल के टिकट पर जीते, वहीं 1996 में भाजपा के विधायक चुने गए। हालांकि 2012 में वे सपा के पाले में चले गए। बताया जाता है कि वे अपनी पत्नी को टिकट को खेरागढ़ से टिकट दिलाना चाहते थे।
अखिलेश यादव ने अरिदमन को अक्टूबर 2015 में अपनी कैबिनेट से हटा दिया था। उस समय कहा गया था कि मंत्रालयों में फेरबदल के चलते उन्हें हटाया गया है। लेकिन बताया जाता है कि यह फैसला उनके भाजपा के करीब जाने के चलते लिया गया। वे भाजपा सरकार में भी मंत्री रह चुके हैं। उनके पिता राजा रिपुदमन सिंह भी बाह से विधायक थे।